धूमनगंज में पुरानी रंजिश में युवक को गोली मारी
धूमनगंज थाना क्षेत्र के पीपल गांव भीटी इलाके में शुक्रवार रात एक युवक को गोली मार दी गई।
जागरण संवाददाता, प्रयागराज : धूमनगंज थाना क्षेत्र के पीपल गांव भीटी इलाके में शुक्रवार रात एक युवक को गोली मार दी गई। गोली उसके बाएं पैर में लगी है। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर फायरिग करते हुए भाग निकले। घायल युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामले की तहरीर पुलिस को दी गई है। पुलिस हमलावरों की तलाश कर रही है।
पीपल गांव भीटी निवासी माजिद (30) शुक्रवार की रात अपने घर के बाहर खाना खाकर टहल रहा था। उसी समय वहीं का रहने वाला नबी और उसका एक साथी वहां पहुंचे। नबी किसी बात को लेकर माजिद से झगड़ा करने लगा। इसी बीच अचानक नबी ने तमंचा निकाला और माजिद पर तान दिया। माजिद भागा तो फायर कर दिया, जिससे उसके बाएं पैर में गोली लग गई। फायरिग की आवाज सुनकर घर में मौजूद स्वजन व आसपास के लोग घटनास्थल की तरफ दौड़े तो हमलावर फायरिग करते हुए भाग निकले। आननफानन में माजिद को अस्पताल ले जाया गया। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंच गई। माजिद के फुफेरे भाई मो. कौनैन निवासी भीटी ने पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस का कहना है कि नबी और माजिद पहले साथ ही रहते थे। इधर किसी बात को लेकर दोनों में विवाद हो गया था। माजिद को गोली किन कारणों से मारी गई, यह तो नबी और उसके साथी की गिरफ्तारी के बाद ही पता चलेगा। अभी माजिद पक्ष के लोग अपनी ही बात बता रहे हैं। दोनों के बारे में मुहल्ले के लोगों से भी जानकारी हासिल की जा रही है।