साइकिल चलती रही और चुपचाप निकल गया विश्व साइकिल दिवस
तीन जून यानी विश्व साइकिल दिवस। यह विशेष दिवस आया और आकर चला भी गया लेकिन जागरूकता के अभाव में इस कहीं चर्चा नहीं हुई। जबकि साइकिल चलाने के कई फायदे हैं।
प्रयागराज, [ताराचंद्र गुप्ता]। बात साइकिल की इसलिए, क्योंकि तीन जून को विश्व साइकिल दिवस होता है। साइकिल का है यही कमाल, तन-मन-धन तीनों खुशहाल। सिविल लाइंस के साइकिल पथ पर बोर्ड में लिखा यह संदेश साइकिल चलाने के फायदे जरूर बता रहा है, लेकिन चला वही रहे हैं, जिन्हें आने-जाने के लिए इसकी आवश्यकता है। सेहत के लिए साइकिलिंग का चलन कुछ खास नजर नहीं आता। सिविल लाइंस में टूटा साइकिल पथ और फैली गंदगी से बयां हो रहा था कि साइकिल चलाने के फायदे सिर्फ बोर्ड के स्लोगन भर हैं।
सामान्य दिन की तरह साइकिल दिवस भी गुजर गया
तीन जून को विश्व साइकिल दिवस मनाया जाता है। बिगड़ते पर्यावरण और बदलती लाइफ स्टाइल के बीच साइकिल चलाना कितना फायदेमंद है और इसकी अहमियत कितनी बढ़ी है। दैनिक जागरण ने इस विशेष दिन इसी विषय पर शहर के माहौल को टटोलने की सोमवार को कोशिश की। सिविल लाइंस, कंपनीबाग से लेकर कई स्थानों पर जाने पर पता चला कि सामान्य दिन की तरह साइकिल दिवस भी गुजर गया। साइकिल से कोचिंग जाते छात्र-छात्राएं नजर आए तो एकाध बुजुर्ग भी साइकिल से आते-जाते दिखे।
जागरूकता का दिख रहा अभाव
हिंदू हॉस्टल के पास साइकिल लिए कटरा निवासी छात्र राजकिशोर ने बताया कि उन्हें साइकिल दिवस की जानकारी नहीं है। शायद जागरूकता के अभाव में ज्यादातर का हाल इस दिवस के बारे में ऐसा ही रहा। कुछ लोगों की जरूरत तो साइकिल है, लेकिन इसके फायदे की कोई खास जानकारी नहीं है। स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल के हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. राजपाल प्रजापति का कहना है कि साइकिल चलाने से रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है।
जाम लगने पर निकलते हैं बाइक सवार
सेंट मेरी कॉन्वेंट इंटर कॉलेज के सामने भी साइकिल पथ बना है। स्कूल छूटने के वक्त जब मुख्य सड़क पर यातायात जाम हो जाता है, तो बाइक सवार इसी पथ से गुजरते हैं। लोकसेवा आयोग चौराहे के पास बालू, गिट्टी और ईंट के ढेर ने साइकिल पथ का रास्ता रोक रखा है। कुछ स्थानों पर लोग इस पथ के मकसद को भूलकर वहां बाइक भी खड़ी कर रहे हैं। हां, कुछ अधिकारी, कर्मचारी शाम को सेहत के लिए जरूर साइकिलिंग करते हैं।
साइकिल चलाने के फायदे
- शरीर का वजन कम होता है।
- ब्लड प्रेशर व शुगर नियंत्रित रहता है।
- हृदय सुरक्षित रहता है।
- सेहत के लिए रोजाना 10 से 15 मिनट साइकिल जरूर चलानी चाहिए।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप