प्रतापगढ़ के अंतू इलाके में दो जगह मारपीट, एक दर्जन लोग हुए जख्मी Prayagraj News
दोनों पक्षों में बात बढ़ी तो दोनों ओर से जुटे लोगों में मारपीट होने लगी। इस दौरान लाठी-डंडा चलने लगा। इसमें करीब आधा दर्जन लोग घायल हो गए।
प्रयागराज, जेएनएन। प्रतापगढ़ जनपद में अंतू थाना क्षेत्र के दो स्थानों पर शनिवार की रात और रविवार की दोपहर में मारपीट की घटनाएं हुईं। दो पक्षों में लाठी-डंडा भी चला। इसमें एक दर्जन लोग जख्मी हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। मामले की पुलिस तहकीकात कर रही है।
भूमि विवाद में दो पक्ष भिड़े, मारपीट में आधा दर्जन घायल
अंतू थाना क्षेत्र के उत्तर का पुरवा गांव में शनिवार को देर रात भूमि विवाद में दो पक्ष भिड़ गए। जगेसरगंज के बांसी ग्राम सभा के उत्तर का पुरवा गांव निवासी कुंभकरन के 55 वर्षीय पुत्र बाबूलाल और महादेव के 50 वर्षीय पुत्र पृथ्वी पाल के बीच जमीन को लेकर काफी दिनों से विवाद चल रहा है। इसी को लेकर दोनों में शनिवार की देर रात आपस में फिर विवाद हो गया। बात बढ़ी तो दोनों ओर से जुटे लोगों में मारपीट होने लगी। इस दौरान लाठी-डंडा चलने लगा। इसमें करीब आधा दर्जन लोग घायल हो गए। सूचना पर अंतू एसओ मनोज तिवारी फोर्स के साथ पहुंचे और मामले को शांत कराया। वहीं घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया।
साइकिल खड़ी करने को लेकर मारपीट में छह जख्मी
इसी प्रकार अंतू थाना क्षेत्र के ही लगड़ा का पुरवा गांव में रविवार की दोपहर दो पक्ष भिड़ गए। इस दौरान दोनों पक्षों के जुटे लोगों में मारपीट हुई। यहां भी लाठी-डंडा चला, जिसमें आधा दर्जन लोग जख्मी हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सीएचसी सड़वा चंद्रिका में भर्ती कराया। बताते हैं कि घर के बगल में साइकिल खड़ी करने को लेकर दोनों पक्षों में मारपीट हुई थी।
कम राशन देने पर ग्रामीणों का हंगामा, पुलिस पहुंची
मंगरौरा ब्लॉक के मंगापुर गांव में प्रति यूनिट दो किलो राशन कम देने पर ग्रामीणों ने रविवार की दोपहर में हंगामा किया। सूचना पर मौके पर पहुंची डायल हंड्रेड पुलिस को देख लोग कोटेदार के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। पुलिस कर्मियों ने लोगों को शांत कराया और कम राशन पाए ग्रामीणों को राशन दिलाया।