परेशान न हों, होली पर दो दिन नल दोपहर में भी नहीं सूखेंगे
नगर निगम ने होली को लेकर तैयारी की है। सफाई पर जोर दिया जाएगा कूड़ा-कचरा नहीं रहने दिया रहेगा। होली पर दो दिनों में 600 एमएलडी पानी की सप्लाई होगी। दोपहर में भी नल नहीं सूखेंगे।
प्रयागराज : रंग पर्व होली के मद्देनजर नगर निगम ने भी कमर कस ली है। लोगों की सुविधा के लिए होली के दौरान दो दिनों तक कहीं भी कूड़ा-करकट न रहे और नालियों में कहीं कचरा न फंसे। इसके लिए सफाई पर विशेष जोर दिया जा रहा है। सभी जोनल अधिकारियों को सख्त निर्देश दिया गया है कि होली पर सफाई व्यवस्था चौकस होनी चाहिए। वहीं 21 और 22 मार्च को 300 एमएलडी (मिलियन लीटर प्रतिदिन) जलापूर्ति की व्यवस्था की गई है। लोगों को दिन में भी 12 से चार बजे तक नल में पानी मिलेगा।
नगर निगम चला रहा अभियान
जिन मोहल्लों में नालियों की सफाई नहीं हुई है, उन्हें साफ करने का निर्देश दिया गया है ताकि होली पर लोग जब रंग खेलें और पानी बहाएं तो कहीं पर जलभराव न हो। इसके लिए इन दिनों विशेष अभियान चलाया जा रहा है। होली पर पानी की कमी न हो, इसके लिए 300 एमएलडी जलापूर्ति की व्यवस्था रहेगी। आम दिनों में सुबह पांच से नौ और शाम पांच से रात नौ बजे तक जलापूर्ति होती है। वहीं होली पर दो दिन 21 और 22 मार्च को सुबह के साथ ही दोपहर में 12 बजे से लेकर शाम को चार बजे तक जलापूर्ति होगी।
600 ट्यूबवेल निर्बाध करेंगे जलापूर्ति
खुसरोबाग पंपिंग स्टेशन समेत 600 ट्यूबवेल से जलापूर्ति होगी। शहर में 20 प्रमुख स्थानों पर जहां होलिका दहन होता है। वहां पर पानी के टैंकर भी रहेंगे। नगर आयुक्त डॉ. उज्ज्वल कुमार का कहना है कि होली पर सफाई से लेकर जलापूर्ति की व्यवस्था चुस्त-दुरुस्त रहेगी। इसके लिए अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए हैं।