CoronaVirus : मोबाइल बंद कर गायब हैं विदेश से लौटे 39 लोग Prayagraj News
रैपिड रिस्पांस टीम 827 लोगों तक पहुंचने में सफल रही है। इनका स्वास्थ्य परीक्षण करके क्वारंटाइन किया गया। इसके अलावा 39 लोगों का पता नहीं चल सका।
प्रयागराज,जेएनएन। कोरोना के संभावित देशों की यात्रा करके लौटे 39 लोगों ने स्वास्थ्य विभाग व जिला प्रशासन की मुश्किलें बढ़ा दी हैैं। विदेश से आने के बाद यह जनपद में ही छिपे हैं। अपने आने की सूचना स्वास्थ्य विभाग को नहीं दी है। इन्हें खोजने के लिए स्वास्थ्य विभाग की टीम लगा दी गई लेकिन इनका कुछ पता नहीं चला। इन लोगों ने अपने मोबाइल भी स्विच्ड ऑफ कर लिए हैं व कुछ लोगों ने कॉल फारवर्ड कर दिया है।
पिछले दिनों केंद्र सरकार की ओर से स्वास्थ्य विभाग को 866 ऐसे लोगों की सूची उपलब्ध कराई गई थी जो कोरोना के संभावित देशों की यात्रा करके प्रयागराज आए थे। इसमें डब्ल्यूएचओ (विश्व स्वास्थ्य संगठन) व रैपिड रिस्पांस टीम 827 लोगों तक पहुंचने में सफल रही है। इनका स्वास्थ्य परीक्षण करके क्वारंटाइन किया गया। इसके अलावा 39 लोगों का पता नहीं चल सका। सूची में जो मोबाइल नंबर है वह लगातार स्विच्ड ऑफ है। अब इन लोगों की खोज के लिए आशा, एएनएम व आंगनबाड़ी को भी लगाया गया है जो घर-घर जाकर लोगों के बारे में विवरण ले रही हैं।
रैपिड रिस्पांस टीम ने मान ली हार
सीएमओ की ओर से इन लोगों की खोज के लिए जिस रैपिड रिस्पांस टीम को लगाया गया था, उसने हार मान ली है। टीम का कहना है कि हम लोगों ने पूरा प्रयास किया लेकिन इनका कोई पता नहीं चल पा रहा है। अब इन्हें खोजने के लिए और विकल्प बनाए जाएंगे। पुलिस या खुफिया विभाग की इसमें मदद ली जाएगी।
जिला नोडल अधिकारी बोले
कोराना वायरस (कोविड-19) के जिला नोडल अधिकारी डॉ. गणेश प्रसाद ने बताया कि यह 39 लोग कहीं छिपे हुए हैं। इन लोगों को कई मौका दिया जा चुका है कि वह खुद स्वास्थ्य विभाग या कंट्रोल रूम में अपने से जुड़ी जानकारी दे दें, लेकिन इन पर कोई असर नहीं हो रहा है। इनकी तलाश हर हाल में की जाएगी, इसकी तैयारी की जा रही है।