Prayagraj Double Murder Case: 25 दिन बाद भी मां-बेटी की हत्या का राजफाश करने में पुलिस विफल
Prayagraj Double Murder Case नवाबगंज में मां-बेटी की हत्या करने वाले अभी भी फरार हैं। पुलिस उन्हें पकड़ नहीं सकी है। मृत महिला का पति महाराष्ट्र में किसी कंपनी में काम करता है। वह घटना वाले दिन वहीं था। जबकि बड़ी पुत्री दिल्ली गई थी।
प्रयागराज, जागरण संवाददाता। प्रयागराज में नवाबगंज थाना क्षेत्र के एक गांव में 23 सितंबर की देर रात मां-बेटी की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी गई थी। दोहरे हत्याकांड से ग्रामीणों में हड़कंप मच गया था। पुलिस अधिकारियों ने मामले के राजफाश के लिए दो टीमों के साथ ही क्राइम ब्रांच को भी लगाया था। सर्विलांस सेल की भी मदद ली गई थी, लेकिन यह सभी कवायद धरी की धरी रह गई। 25 दिन बीतने के बाद भी पुलिस मामले का राजफाश करना तो दूर हत्यारों के बारे में कोई सुराग तक नहीं लगा सकी है। जबकि अधिकारियों का दावा था कि दो-तीन दिन में दोहरे हत्याकांड का राजफाश हो जाएगा।
दुष्कर्म के बाद हत्या की दर्ज कराई गई थी रिपोर्ट
मां-बेटी की हत्या के बाद मृत महिला के ससुर ने पुलिस को तहरीर दी थी। इसमें दुष्कर्म के बाद हत्या की बात कही गई थी। पुलिस ने भी आनन-फानन में दुष्कर्म के बाद हत्या किए जाने का मुकदमा दर्ज किया था। हालांकि, पोस्टमार्टम में दुष्कर्म की पुष्टि नहीं हुई थी, लेकिन आशंका के चलते शवों का पोस्टमार्टम करने वाले डाक्टरों ने स्लाइड सुरक्षित कर लिया था, जिसे जांच के लिए विधि विज्ञान प्रयोगशाला भेजा गया है। वहां से रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि दुष्कर्म की वारदात हुई थी या नहीं।
वारदात के दिन पति महाराष्ट्र में और पुत्री थी दिल्ली में थी
मृत महिला का पति महाराष्ट्र में किसी कंपनी में काम करता है। वह घटना वाले दिन वहीं था। जबकि बड़ी पुत्री दिल्ली गई थी। वहां एक रिश्तेदार की तबीयत खराब होने के कारण उसे देखरेख के लिए बुलाया गया था। जबकि एक पुत्र अपनी बुआ के घर गया था। घटना वाले दिन घर पर महिला अपनी पुत्री व डेढ़ वर्ष के बेटे के साथ थी। महिला अपनी बेटी और डेढ़ साल के बेटे के साथ बरामदे में सो रही थी और उसी समय वारदात हुई थी।