Zila Panchayat President Chunav: दिलचस्प होगा जिपं अध्यक्ष पद का चुनाव, एक-एक वोट को होगी जिद्दोजहद
Zila Panchayat President Chunav प्रयागराज में जिला पंचायत अध्यक्ष की सीट जीतने के लिए समाजवादी पार्टी और भारतीय जनता पार्टी के नेताओं की साख भी दांव पर लगी है। दोनों ही पार्टी अपने प्रत्याशी को जीतने के लिए एड़ी चोटी का जोर लगाएंगे।
प्रयागराज, जेएनएन। जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए होने वाले चुनाव का बिगुल बज चुका है। अभी तक यही संभावना जताई जा रही है कि सिर्फ समाजवादी पार्टी और भारतीय जनता पार्टी के ही प्रत्याशी मैदान में होंगे। संभवत: ऐसा होने की उम्मीद भी अधिक है। ऐसी स्थिति में जिला पंचायत अध्यक्ष पद का चुनाव काफी दिलचस्प होगा। एक-एक वोट के लिए मैदान में उतरने वाले दोनों प्रत्याशियों को जिद्दोजहद करनी पड़ेगी।
पार्टी के नेताओं के लिए भी साख का सवाल
प्रयागराज में जिला पंचायत अध्यक्ष की सीट जीतने के लिए समाजवादी पार्टी और भारतीय जनता पार्टी के नेताओं की साख भी दांव पर लगी है। दोनों ही पार्टी अपने प्रत्याशी को जीतने के लिए एड़ी चोटी का जोर लगाएंगे। समाजवादी पार्टी के नेता पहले ही मालती यादव को मैदान में उतारकर रणनीति बनाने में लगे हैं तो वहीं भारतीय जनता पार्टी द्वारा किसे मैदान में उतारा जाए, इस पर मंथन में जुटी है। हालांकि, दो दिन के भीतर भारतीय जनता पार्टी अपने प्रत्याशी के नाम की घोषणा कर देगी।
जादुई आंकड़ा जुटाने में बहाना पड़ेगा पसीना
जिला पंचायत अध्यक्ष पद पर जीत दर्ज करने के लिए जादुई आंकड़ा 43 जिला पंचायत सदस्यों के समर्थन का होगा। यह आंकड़ा समाजवादी पार्टी और भारतीय जनता पार्टी के पास नहीं हैं। हालांकि, दोनों ही दल यह दावा कर रहे हैं कि उनके पास बहुमत से अधिक जिला पंचायत सदस्यों का समर्थन हैं। हालांकि यह तो चुनाव परिणाम आने के बाद ही पता चलेगा कि किसका दावा सही था। फिलहाल जादुई आंकड़ा जुटाने के लिए दोनों ही पार्टियों के नेता भीतर ही भीतर एड़ी चोटी का जोर लगाए हुए हैं।