E POP Machine: गेहूं खरीद में किसानों की सुविधा के लिए ई-पॉप मशीन होगी, बिचौलियों की मनमानी नहीं चलेगी
E POP Machine मनमानी पर लगाम लगाने के लिए प्रदेश सरकार ने इस बार अंगूठा का निशान लगवाकर गेहूं की खरीद की व्यवस्था की है। इसके लिए सेंटर पर एक-एक ई-पॉप मशीन दी जाएगी। यह बायोमेट्रिक मशीन राशन की दुकानों पर दी गई हैंडहेल्ड मशीन होगी।
प्रयागराज, जेएनएन। गेहूं खरीद में बिचौलियों को रोकने के लिए प्रदेश सरकार ने इस बार ई-पॉप (इलेक्ट्रानिक प्वाइंट आफ पर्चेज) मशीन की व्यवस्था की है। इस सिस्टम के जरिए ही गेहूं की खरीद क्रय केंद्रों पर की जा सकेगी। इसमें गेहूं बेचने से पहले किसानों का अंगूठा लगवाया जाएगा। बिना अंगूठा लगाए किसानों का गेहूं नहीं खरीदा जाएगा। इस बदलाव से पीछे सरकार की मंशा है कि केवल किसानों को का ही गेहूं खरीदा जाए, उन्हें गेहूं का न्यूनतम समर्थन मूल्य मिल सके।
गेहूं की खरीद पहली अप्रैल से शुरू हो रही है। इसके लिए खरीद केंद्रों का निर्धारण किया जा रहा है। अब तक 40 केंद्र बनाए जा चुके हैं। अगले एक हफ्ते में निर्धारण की प्रक्रिया पूरी हो जाएगी। गेहूं खरीद के लिए जिले भर में 60 से अधिक सेंटर बनाए जाएंगे। इसके लिए गेहूं का समर्थन मूल्य 1975 रुपये घोषित किया जा चुका है। इससे कम दाम पर किसी सेंटर पर गेंहू की खरीद नहीं होगी।
हर साल गेहूं खरीद में बड़े पैमाने पर खेल होता था। किसान बनकर तमाम बिचौलिया सेंटरों पर गेहूं बेच देते थे। इससे किसानों को समर्थन मूल्य का लाभ नहीं मिलता था। इस खेल में सेंटर प्रभारी से लेकर अधिकारियों तक की मिलीभगत रहती थी। इस खेल पर लगाम लगाने के लिए प्रदेश सरकार ने इस बार अंगूठा का निशान लगवाकर गेहूं की खरीद की व्यवस्था की है। इसके लिए सेंटर पर एक-एक ई-पॉप मशीन दी जाएगी। यह बायोमेट्रिक मशीन राशन की दुकानों पर दी गई हैंडहेल्ड मशीन होगी।
डिप्टी आरएमओ विपिन कुमार ने बताया कि ई पॉप मशीनों का टेंडर हो चुका है। सेंटर निर्धारण होते ही मशीनें आ जाएंगे और उसी के जरिए गेहूं की खरीद की जाएगी।