Coronavirus Prayagraj News Update: राहत की खबर, कुंद पड़ी कोविड-19 की रफ्तार, अस्पतालों में 50 मरीज भी नहीं
Coronavirus Prayagraj News Update कोविड 19 के लिए एल-थ्री लेवल के टीबी सप्रू बेली हॉस्पिटल में केवल 8 मरीज भर्ती हैं। माघ मेला में मिलने वाले कोरोना मरीजों के लिए कालिंदीपुरम में 100 बेड का कोविड केयर सेंटर रिजर्व है। इसमें केवल चार मरीज ही हैं।
प्रयागराज, जेएनएन। वर्ष 2020 में डराने वाला कोरोना वायरस 2021 आते ही कुंद पड़ गया है। प्रयागराज के लोगों को सुकून देने वाली खबर है। वह यह कि अब कोविड मरीजों के लिए ही रिजर्व चार अस्पतालों में भर्ती कुल मरीजों की संख्या 50 भी नहीं रह गई है। 200 बेड की क्षमता वाले एल थ्री लेवल के सुपर स्पेशिएल्टी ब्लॉक में केवल 28 लोग ही भर्ती हैं।
आप भी जानें, कोविड अस्पतालों में मरीजों की संख्या
कोविड 19 के लिए एल-थ्री लेवल के टीबी सप्रू बेली हॉस्पिटल में केवल 8 मरीज भर्ती हैं, जबकि यहां 100 लोगों को भर्ती कर इलाज करने की क्षमता है। माघ मेला में मिलने वाले कोरोना मरीजों के लिए कालिंदीपुरम में 100 बेड का कोविड केयर सेंटर रिजर्व है। इसमें केवल चार मरीज ही हैं। वहीं यूनाइटेड मेडिसिटी रावतपुर में 100 बेड की व्यवस्था है, जबकि इसमें केवल 5 मरीज ही वर्तमान में भर्ती हैं। चारों ही अस्पतालों में कुल मिलाकर अब 47 कोविड मरीजों का इलाज हो रहा है। इसमें भी 50 फीसद की हालत पूरी तरह नियंत्रण में है।
कोविड-19 के नोडल अधिकारी यह कहते हैं
कोविड-19 के नोडल अधिकारी डॉक्टर ऋषि सहाय का कहना है कि चिकित्सा टीम ने काफी तेजी से काम करते हुए रोज करीब 6000 लोगों के टेस्ट किये। यह स्थिति दो महीने से है, शहर के लोगों में भी जागरूकता आई है। इसी का परिणाम है कि कोरोना की रफ्तार पर अब नियंत्रण है और चार अस्पतालों 500 बेड की क्षमता के सापेक्ष अब 50 से भी कम मरीज हैं।
न करें गाइडलाइन का उल्लंघन
कोरोना की रफ्तार थमी हुई है इससे राहत में डॉक्टरों ने कहा है कि लोग गाइडलाइन का पालन जरूर करते रहें। कहा है कि वैक्सीन आई है कोरोना नहीं गया है। वैक्सीन अभी आम लोगों को लग भी नहीं रही है इसलिए लापरवाही करना बिल्कुल उचित नहीं है।