World Disabled Day : डॉ. दीपक के हौसले की उड़ान पर बौना हुआ आसमान Prayagraj News
World Disabled Day बीएड और एमएड करने के बाद विशेष शिक्षा में पीएचडी की। उनकी लगन और मेहनत को देखकर रामपुर के जिलाधिकारी अमित किशोर ने उन्हें सर्वप्रथम उत्तर प्रदेश का दिव्यांगजन ब्रांड एंबेसडर चुनाव आयोग बनाया। इस काम को दीपक ने बेहतर तरीके से अंजाम दिया।
प्रयागराज, जेएनएन। इंसान का हौसला मजबूत और इरादा पक्का हो तो शारीरिक अक्षमता उसके विकास में बाधक नहीं हो सकती। ऐसे ही मजबूत इरादे के धनी हैं दिव्यांग डॉ. दीपक कुमार त्रिपाठी। एक वर्ष की उम्र में ही उनका दाहिना पैर खराब हो गया, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी। प्राथमिक शिक्षा ग्रहण करने के पठन-पाठन में ऐसे लीन हुए कि नित ऊंचाइयों पर अग्रसर होते रहे।
विशेष शिक्षा में पीएचडी
बीएड और एमएड करने के बाद विशेष शिक्षा में पीएचडी की। उनकी लगन और मेहनत को देखकर रामपुर के जिलाधिकारी अमित किशोर ने उन्हें सर्वप्रथम उत्तर प्रदेश का दिव्यांगजन ब्रांड एंबेसडर चुनाव आयोग बनाया। इस काम को दीपक ने बेहतर तरीके से अंजाम दिया। जिस जनपद की जिम्मेदारी दी गई, वहां पर उन्होंने दिव्यांगजनों का शत-प्रतिशत वोट डालने के लिए प्रेरित किया। परिणाम भी सकारात्मक मिले।
एनजीबीयू में विशेष शिक्षा विभाग में हैं असिस्टेंट प्रोफेसर
वर्तमान में दीपक कुमार नेहरू ग्राम भारती विश्वविद्यालय में विशेष शिक्षा विभाग में असिस्टेंट प्रोफेसर हैं। इस दौरान 10 लोगों को लघु शोध कराया। साथ ही अपने निर्देशन में ही एक छात्र को पीएचडी भी कराई। वह स्वयं दिव्यांग होते हुए दिव्यांगों में जोश भरते रहे। तीन दिसंबर 2017 में प्रदेश के मुख्यमंत्री ने योगी आदित्यनाथ ने उन्हें सर्वश्रेष्ठ दिव्यांग कर्मचारी के लिए महामहिम राज्यपाल पुरस्कार से सम्मानित किया। उन्हें जनपद रामपुर में ब्रांड एंबेसडर नगर महापालिका और नगर निगम प्रयागराज बनाया गया।
मिल चुका है हाइली एजूकेशन दिव्यांगजन राजेंद्र प्रसाद पुरस्कार
स्वच्छता पर बेहतर कार्य करने पर महापौर अभिलाषा गुप्ता ने सम्मानित कर हौसला बढ़ाया। 2018 में उन्हें बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री जीनत राम माझी ने हाइली एजूकेशन दिव्यांगजन राजेंद्र प्रसाद एवार्ड से नवाजा। राजस्थान सरकार की ओर से भी उन्हें सर्वश्रेष्ठ दिव्यांग कर्मचारी के लिए पुरस्कृत किया गया। आलम यह है कि आज भी वह दिव्यांगों के लिए सच्चे मार्गदर्शक व प्रेरणाश्रोत बने हैं।