Prayagraj Weather Forecast : आसमान में छाए बादलों से सर्द हुआ मौसम, दिसंबर में बढ़ेगी ठंड
Prayagraj Weather Forecast हालांकि गुरुवार को भी हल्के बादल आसमान में थे लेकिन दोपहर में धूप भी खिली थी। इससे राहत थी। वहीं आज तो बादल घने दिख रहे हैं। ऐसे में दोपहर में धूप भले ही निकले लेकिन उसमें गर्मी कम ही रहने की उम्मीद है।
प्रयागराज, जेएनएन। मौसम में तेजी से बदलाव इन दिनों हो रहा है। सुबह और रात में ठंड अधिक हो रही है। वहीं शुक्रवार की सुबह से आसमान में बादल भी छा गए हैं। ऐसे में ठंड में बढ़ोतरी की उम्मीद जताई जा रही है। अगर दोपहर में भी सूर्य बादलों को बेध नहीं पाया तो फिर तापमान में भी कमी आने की संभावना है। ऐसे में ठंड का प्रकोप बढ़ जाएगा। हालांकि मौसम विज्ञानी इस माह ठंड में अधिक बढ़ोतरी की संभावना नहीं जता रहे हैं।
सुबह वातावरण में धुंध भी छाई
पिछले कुछ दिनों से सुबह के समय वातावरण में हल्की धुंध भी छाने लगी है। शुक्रवार को भी सुबह सड़कों पर वाहन चलाते समय सावधानी लोगों ने बरती। वहीं आसमान में बादल छाने से अभी तक धूप नहीं निकली है। इससे ठंड का असर बढ़ गया है। हालांकि गुरुवार को भी हल्के बादल आसमान में थे लेकिन दोपहर में धूप भी खिली थी। इससे राहत थी। वहीं आज तो बादल घने दिख रहे हैं। ऐसे में दोपहर में धूप भले ही निकले लेकिन उसमें गर्मी कम ही रहने की उम्मीद है।
मौसम विभाग के अनुसार, अगले तीन दिन तक न्यूनतम में एक डिग्री का अंतर देखा जा सकता है। उसके बाद कड़ाके की गलन से सामना हो सकता है। गुरुवार को शहर में न्यूनतम तापमान 13.0 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि अधिकतम 26.0 सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। न्यूनतम तापमान 13.0 डिग्री के आसपास रहा। हालांकि कल दिन चढने के साथ ही धूप तेज हुई। धूप में गुलाबी मौसम का लोग लुत्फ उठाया। आज दिन का न्यूनतम तापमान 14.0 डिग्री पहुंचने की उम्मीद है।
दिसंबर के दूसरे सप्ताह में मौसम में परिवर्तन तेजी से होगा
मौसम विज्ञानी और समुद्री पर्यावरण के जानकार डॉक्टर शैलेंद्र रॉय बताते हैं कि अगले एक सप्ताह मौसम में खास बदलाव होने की उम्मीद नहीं है। दिन में मौसम साफ रहेगा, जिससे लोग ठंड का मजा लेते रहेंगे। दिसंबर के दूसरे सप्ताह में परिवर्तन देखने को मिलेंगे।
एहतियात बरतने की सलाह
फिजीशियन डॉ प्रीती सिह ने बताया कि बदलते मौसम में हमें लापरवाही से बचना होगा। जितना संभव हो सके गर्म कपड़े पहनें। खान पान में भी हमें मौसमी सब्जियों पर ज्यादा उपयोग करना होगा। प्रतिदिन की जीवनशैली में योग को जरूर शामिल करें। फिलहाल ऐसे बदलते मौसम में बीमार, बुजुर्ग और बच्चों को खास एहतियात बरतने की चिकित्सक सलाह देते हैं।