अमर सिंह स्मृति शेष : अमर ने अमिताभ की सभा कराकर जितवाया था रेवती को Prayagraj News
अमर सिंह स्मृति शेष अमिताभ उस समय सियासी मंच साझा करने से बचते थे। अमर सिंह ने अमिताभ बच्चन को जनसभा के लिए राजी कर लिया। केपी कॉलेज मैदान में जनसभा हुई।
प्रयागराज,जेएनएन। राज्य सभा सदस्य अमर सिंह कई मौकों पर प्रयागराज आए थे। वर्ष 2004 के लोकसभा चुनाव में उन्होंने महानायक अमिताभ बच्चन को लाकर समाजवादी पार्टी प्रत्याशी रेवती रमण सिंह के पक्ष में माहौल बना दिया था। कांटे के इस चुनाव में भाजपा के दिग्गज नेता डॉ. मुरली मनोहर जोशी को 28, 383 मतों से शिकस्त मिली थी।
अमर सिंह के कहने के पर जनसभा के लिए जनसभा को आए थे अमिताभ
समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता केके श्रीवास्तव के अनुसार चुनाव से पहले पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव ने अमर सिंह से बात की थी। कहा था कि प्रयागराज (तब इलाहाबाद) में कायस्थ और बंगभाषी वोटर बहुत हैं। अमिताभ बच्चन वहां से पूर्व में सांसद रह चुके हैं, इसलिए किसी तरह उनकी एक जनसभा पार्टी के पक्ष में हो जाय तो माहौल बन जाएगा। अमिताभ उस समय सियासी मंच साझा करने से बचते थे। अमर सिंह ने अमिताभ बच्चन को जनसभा के लिए राजी कर लिया। केपी कॉलेज मैदान में जनसभा हुई।
अमिताभ ने अमर सिंह को बताया था पारिवारिक सदस्य
मंच पर अमिताभ बच्चन, पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव, अमर सिंह, रेवती रमण सिंह, तत्कालीन महापौर डा. केपी श्रीवास्तव आदि थे। मैदान खचाखच भरा था। अमिताभ बच्चन ने अमर सिंह को अपने परिवार का सदस्य बताते हुए कहा कि वे ही उनको जनसभा के लिए ले आए हैं। वह (अमिताभ) उनकी (अमर सिंह) की बात को वह कभी टालते नहीं हैं। सपा के निर्वतमान मीडिया प्रभारी दान बहादुर मधुर और निर्वतमान उपाध्यक्ष विनय कुशवाहा के अनुसार वर्ष 2009 में हुए लोकसभा चुनाव में अमर सिंह ने सहसों में पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के साथ जनसभा संबोधित की थी। कोटवा में आयोजित जनसभा में वे जया बच्चन के साथ पहुंचे थे।
हरिवंश राय बच्चन का अस्थि कलश लेकर आए थे
जनवरी 2003 में महानायक अमिताभ बच्चन के पिता हरिवंश राय बच्चन का निधन हुआ था। संगम में विसर्जन के लिए अस्थि कलश लाया गया था। अमिताभ बच्चन, जया बच्चन, अभिषेक बच्चन के साथ अमर सिंह भी साथ थे। 2019 में हुए लोकसभा चुनाव के बाद रामपुर से पराजित जयाप्रदा की चुनावी याचिका की सुनवाई के लिए भी अमर सिंह प्रयागराज आए थे। तब वह अधिवक्ता की वेशभूषा में दिखे। यह उनका आखिरी बार प्रयागराज प्रवास था।