दिल्ली पुलिस में भर्ती : 5846 पदों पर सिपाही भर्ती के लिए कर्मचारी चयन आयोग ने जारी किया विज्ञापन
कर्मचारी चयन आयोग ने दिल्ली पुलिस में सिपाही भर्ती के विज्ञापन के साथ ही ऑनलाइन आवेदन लेने की प्रक्रिया भी शनिवार से ही शुरू कर दी है।
प्रयागराज, जेएनएन। कर्मचारी चयन आयोग (एसएससी) ने दिल्ली पुलिस में महिला व पुरुष पदों पर सिपाही भर्ती का विज्ञापन जारी कर दिया है। 5846 पदों के लिए अभ्यर्थी आज से ही ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन की अंतिम तारीख सात सितंबर, जबकि फीस जमा करने की नौ सितंबर है।
कर्मचारी चयन आयोग ने दिल्ली पुलिस में सिपाही भर्ती के विज्ञापन के साथ ही ऑनलाइन आवेदन लेने की प्रक्रिया भी शनिवार से ही शुरू कर दी है। वेबसाइट पर जारी समय सारिणी के अनुसार सात सितंबर को रात 23.30 बजे तक अभ्यर्थी ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। फीस ऑनलाइन जमा करने की अंतिम तारीख नौ सितंबर रात 23.30 बजे तक है। ऑफलाइन चालान से फीस 11 सितंबर तक कर सकते हैं, जबकि बैंक में चालान से फीस जमा करने की अंतिम तारीख 14 सितंबर तय की गई है।
भर्ती में तीन अहम बदलाव : एसएससी पैरामिलिट्री फोर्स में भी सिपाही भर्ती कराता है, उसमें अर्हता हाईस्कूल रहती रही है, जबकि दिल्ली पुलिस में अभ्यर्थी को इंटर उत्तीर्ण होना होगा। इसी तरह से पैरामिलिट्री फोर्स में अभ्यर्थी की आयु सीमा 18 से 23 वर्ष थी, जबकि दिल्ली पुलिस में आयु सीमा 18 से 25 साल तक है। इसी तरह से दोनों के सिलेबस में भी अंतर है, दिल्ली पुलिस में अभ्यर्थी से कंप्यूटर आदि की जानकारी की अपेक्षा की गई है।
आर्थिक पिछड़ों के लिए 583 पद : दिल्ली पुलिस की सिपाही भर्ती में आर्थिक रूप से पिछड़े अभ्यर्थियों के लिए 583 पद घोषित किए गए हैं। इसमें पुरुष वर्ग के लिए 362 और महिला अभ्यर्थियों के लिए 221 पद रखे गए हैं।
भर्ती में पदों का ब्योरा
- पद : सामान्य : ओबीसी : एससी : एसटी
- पुरुष : 1681 : 662 : 590 : 157
- महिला : 933 : 387 : 328 : 94
- पुरुष : 94 : 37 : 52 : 24 (एक्स सर्विसमैन)
- महिला : 93 : 37 : 67 : 27 (एक्स सर्विसमैन)
- कुल : 2801 : 1133 : 1037 : 302
- नोट : इन पदों में ईडब्ल्यूएस के 583 पद भी जोड़े जाएंगे।
कंप्यूटर परीक्षा 27 नवंबर से : दिल्ली पुलिस की सिपाही भर्ती की लिखित परीक्षा 27 सितंबर से 14 दिसंबर तक चलेगी। परीक्षा हिंदी व अंग्रेजी दोनों माध्यम में होगी।