फेसबुक पर मुख्यमंत्री के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करने का आरोपित गिरफ्तार Prayagraj News
विराज ने फेसबुक पर मुख्यमंत्री को लेकर अमर्यादित टिप्पणी की थी। इसकी जानकारी होने पर मुकदमा लिखा गया था। बुधवार को आरोपित को गिरफ्तार कर लिया गया है।
प्रयागराज,जेएनएन। फेसबुक पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी के आरोप में विराज सिंह यादव को सिविल लाइंस पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। विराज सोरांव थाने के मोरहू गांव का रहने वाला है। इंस्पेक्टर सिविल लाइंस रविंद्र यादव ने बताया कि कुछ दिन पहले विराज ने फेसबुक पर मुख्यमंत्री को लेकर अमर्यादित टिप्पणी की थी। इसकी जानकारी होने पर मुकदमा लिखा गया था। आरोपित को पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर गिरफ्तार कर लिया।
कांग्रेस नेता के खिलाफ थाने में दी तहरीर
कांग्रेस नेता पंकज पुनिया द्वारा टिवटर पर संघ के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करनेे से भाजपा और इसके संगठनों में नाराजगी है। विश्व हिंदू परिषद के जिलाध्यक्ष अजय कुमार गुप्त ने बुधवार दोपहर मठ मंदिर प्रमुख शिवम द्विवेदी समेत अन्य कार्यकर्ताओं के साथ कर्नलगंज थाने जाकर पंकज पुनिया के खिलाफ तहरीर दी। उन्होंने कहा कि पंकज ने ऐसा ट्वीट कर समाज में वैमनस्यता पैदा कर माहौल खराब करने का प्रयास किया है। मुकदमा लिखकर ऐसे व्यक्ति की गिरफ्तारी की जानी चाहिए। कर्नलगंज थाना प्रभारी अरुण त्यागी ने बताया कि एफआइआर लिखकर जांच की जा रही है।
भत्ता कटौती के विरोध में कर्मचारियों ने किया प्रदर्शन
महंगाई भत्ता समेत अन्य भत्तों में कटौती के विरोध में कर्मचारियों ने बांह पर काला फीता बांधकर काम किया। कर्मचारियों ने पीडब्ल्यूडी परिसर में प्रदर्शन भी किया और निर्णय लिया गया कि गुरुवार को मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन डीएम को सौंपा जाएगा। स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल, राजकीय मुद्रणालय, पीडब्ल्यूडी समेत अन्य विभागों में भी कर्मचारियों ने फीता बांधकर काम किया। प्रदर्शन में उत्तर प्रदेश कर्मचारी शिक्षक समन्वय समिति के जिला संयोजक अश्विनी कुमार श्रीवास्तव, शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष राम प्रकाश पांडेय, जिलामंत्री अनुज पांडेय, राज्य कर्मचारी महासंघ के अध्यक्ष रुद्र प्रताप सिंह, कड़ेदीन यादव, घनश्याम पांडे, आशीष यादव आदि शामिल रहे।