CoronaVirus : कौशांबी में कोरोना वायरस का पहला पॉजिटिव केस, संक्रमित युवक का गांव सील Prayagraj News
युवक की हालत बिगडऩे पर तीन दिन पहले मंझनपुर स्थित जिला अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में उसे भर्ती किया गया था। संदिग्ध होने पर उसके ब्लड सेंपल को जांच के लिए भेजा गया था।
प्रयागराज, जेएनएन। पहले प्रतापगढ़ फिर प्रयागराज और अब कौशांबी। प्रयागराज और आसपास के दोनों जिलों में भी कोरोना वायरस का संक्रमण शुरू हो चुका है। प्रतापगढ़ में तीन, प्रयागराज में एक और कौशांबी में एक कोरोना वायरस से संक्रमित मरीज मिले हैं। कौशांबी में सिराथू क्षेत्र के एक गांव के युवक की जांच रिपोर्ट पॉजिटिव रही। वह पिछले सप्ताह हरियाणा से घर वापस आया था। उसके संपर्क में आए गांव के अन्य सात युवकों को होम क्वारंटाइन किया गया था। वहीं गांव को प्रशासन ने सील कर दिया है।
युवक का ब्लड सेंपल जांच के लिए भेजा गया था
युवक हरियाणा में काम करता था। 29 मार्च को अपने गांव पहुंचा था। इसकी जानकारी ग्रामीणों ने प्रशासन को दी तो उसे गांव के बाहर बने क्वारंटाइन सेंटर में रखा गया था। युवक की हालत बिगडऩे पर तीन दिन पहले मंझनपुर स्थित जिला अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में उसे भर्ती किया गया था। संदिग्ध होने पर उसके ब्लड सेंपल को जांच के लिए भेजा गया था। रविवार की रात में आई जांच रिपोर्ट में युवक में कोरोना वायरस की पुष्टि हुई। जिले में कोरोना वायरस का पहला पॉजिटिव केस मिलने पर स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन में हड़कंप मच गया।
क्वारंटाइन किए गए सात लोग आइसोलेशन वार्ड में भर्ती
इसके बाद युवक के साथ गांव में जो सात लोग क्वारंटाइन किए गए थे। उन्हें आज जिला अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती करा दिया गया है। युवक के संपर्क में आए सात लोगों का ब्लड जांच को भेजा गया। संक्रमित युवक को प्रयागराज स्थित कोविड अस्पताल कोटवा भेजा जा रहा है। एहतियातन संक्रमित युवक के गांव को सील कर दिया गया है। गांव जाने वाले रास्ते पर पुलिस ने बैरिकेडिंग कर दी है। लोगों से घरों में ही रहने की अपील की गई है।