साथियों संग 45 हजार के इनामी लुटेरे को पुलिस ने किया गिरफ्तार Prayagraj News
बहराइच निवासी महमूद भी इसी गिरोह का सदस्य है और दमन दीव में रहता है। महमूद चोरी व लूट की गाडिय़ों के दमन दीव आरटीओ दफ्तर में फर्जी कागजात तैयार करवाता था।
प्रयागराज,जेएनएन। जोनल क्राइम ब्रांच ने हाईवे पर लूटपाट करने वाले एक गिरोह का राजफाश किया है। प्रतापगढ़ के सांगीपुर असाव निवासी शकील और उसके साथी फिरोजपुर हुसैनगंज फतेहपुर के जितेंद्र उर्फ जीतू व झलवा के राजकुमार यादव को गिरफ्तार किया गया है। उनके कब्जे से चोरी हुई कार बरामद हुई है। गिरोह के सरगना शकील पर कानपुर से 25 और कौशांबी से 20 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
चोरी के वाहनों का दमनदीव के आरटीाअे कार्यालय से बनवाता था फर्जी कागज
पुलिस लाइन सभागार में एसएसपी सत्यार्थ अनिरुद्ध पंकज ने अभियुक्तों को मीडिया के सामने पेश किया। बताया कि बहराइच निवासी महमूद भी इसी गिरोह का सदस्य है और दमन दीव में रहता है। महमूद चोरी व लूट की गाडिय़ों के दमन दीव आरटीओ दफ्तर में फर्जी कागजात तैयार करवाता था। फिर गिरोह के सदस्य उसी कागजात के जरिए वाहन को झारखंड, उड़ीसा, तेलंगाना, महाराष्ट्र समेत अन्य राज्यों में बेच देते थे।
हाईवे पर करते थे लूट
शकील ने पूछताछ में स्वीकार किया है कि वह हाईवे पर माल लदे ट्रक व खाली ट्रकों के ड्राइवर और खलासी का मुंह, हाथ बांधकर झाड़ी में फेंक देते थे। इसके बाद ट्रक लूटकर फरार हो जाते थे। यह काम पिछले 12 साल से कर रहे थे। बुधवार को नई दिल्ली के तिमारपुर से चोरी की कार मऊआइमा में बेचने आए थे, तभी जोनल क्राइम ब्रांच प्रभारी धर्मेंद्र यादव और इंस्पेक्टर अमित पांडेय ने घेरेबंदी कर सभी को दबोच लिया। शकील के खिलाफ अलग-अलग जिलों में 15 और राजकुमार के खिलाफ दो मुकदमे दर्ज हैं।