Move to Jagran APP

20 लाख की लूट : लुटेरों को दी गई थी सटीक जानकारी

कंपनी के कर्मचारी से 20 लाख रुपये लूटने वाले बदमाशों को सटीक जानकारी थी। वहीं कर्मचारियों की भूमिका को भी पुलिस संदिग्ध मान रही है। मोबाइल की सीडीआर निकालने की तैयारी है।

By JagranEdited By: Published: Wed, 26 Sep 2018 06:35 AM (IST)Updated: Wed, 26 Sep 2018 06:35 AM (IST)
20 लाख की लूट : लुटेरों को दी गई थी सटीक जानकारी
20 लाख की लूट : लुटेरों को दी गई थी सटीक जानकारी

जासं, इलाहाबाद : कर्मचारी प्रशांत राय अकेले पैसा लेकर बाइक से निकल रहा है और सिविल लाइंस तक जाएगा। उसके पास 20 लाख से अधिक की रकम है। सुबह का वक्त, सड़क पर ट्रैफिक, थोड़ा सा वीरान स्थान और चंद मिनट में लूट। यानी पूरी घटना की प्लानिंग पहले से तैयार की गई थी। लुटेरों को समय पर और सही जानकारी दी गई थी। ऐसा पुलिस का मानना है।

loksabha election banner

प्रशांत ने पूछताछ में बताया कि वह अक्सर दो से तीन लाख रुपये तक लेकर जाता था, लेकिन आज रकम ज्यादा थी। ऐसे में तफ्तीश में जुटी पुलिस यह भी मान रही है कि लुटेरों को मुखबिरी कंपनी के ही किसी कर्मचारी ने की होगी। उसे रकम की जानकारी रही होगी, जिसने लुटेरों अथवा किसी दूसरे को बताया होगा। ऐसे में पुलिस कंपनी के सभी कर्मचारियों के नाम और उनके मोबाइल नंबर लेकर कॉल डिटेल रिपोर्ट (सीडीआर) निकलवा रही है। सीडीआर से कुछ सुराग मिल सकते हैं। क्राइम ब्रांच की टीम भी पीड़ित प्रशांत व अभिषेक समेत कई कर्मचारियों से घटना, पैसा और दूसरे कई बिंदुओं पर घंटों पूछताछ की। पुलिस सूत्रों का दावा है कि सवाल-जवाब के दौरान कुछ कर्मचारी ठीक-ठीक जवाब नहीं दे पा रहे थे, जिससे उन्हें संदेह के दायरे में रखा गया है।

-------

महज 20 मिनट में लूटे 22 लाख :

पुलिस को प्रशांत ने बताया कि वह सुबह 9:55 बजे दफ्तर से निकला था। इसके बाद करीब 10:15 बजे ही बाइक सवार तीन नकाबपोश बदमाशों ने घेरकर असलहे के बल पर लूट लिया। घटना के बाद पीड़ित पुलिस को सूचना दी और वापस दफ्तर पहुंच गया। वहां एसपी सिटी बृजेश श्रीवास्तव, सीओ श्रीशचंद्र समेत अन्य अधिकारियों ने घटना के बारे में जानकारी जुटाई। प्रीतम नगर से लेकर सैनिक कॉलोनी मोड़ के बीच विभिन्न दुकानों पर लगे सीसीटीवी कैमरे को खंगाला गया। बदमाश दफ्तर से ही पीछे लग गए होंगे। दुकानदार पर भी तान दिया तमंचा :

घटनास्थल के पास ही हिम्मतगंज निवासी दीपू सैनी ठेले पर चश्मा लगाकर बेच रहा था। उसने बताया कि एक युवक बाइक से सिविल लाइंस की तरफ जा रहा था, तभी पीछे से दूसरी बाइक पर सवार तीन नकाबपोश युवकों ने ओवर टेक कर लिया। इसके बाद असलहा तान दिया। उसने शोर मचाने की कोशिश की तो उस पर भी तमंचा तान दिया। इससे वह डरकर झाड़ियों की तरफ चला गया। दीपू ने बताया कि एक बदमाश भगवा रंग का गमछा चेहरे पर बांधा था, जबकि दूसरा लाल रंग की शर्ट पहना था। काले रंग की बाइक की नंबर प्लेट आधी टूटी थी, जिस पर केवल 45 लिखा था। गदऊ गिरोह पर शक, कई को उठाया :

सरेराह लाखों की लूट में पुलिस का शक फरार इनामी बदमाश गदऊ पर है। लूटकांड के बाद धूमनगंज, सिविल लाइंस, कैंट थाने की पुलिस ने ताबड़तोड़ छापेमारी करते हुए कई संदिग्ध बदमाशों को उठाया। उनसे पूछताछ की जाती रही। लूट करने वाले बदमाशों के स्थानीय होने की बात कही जा रही है और तीनों नए लड़के हैं। ऐसे में उनके हुलिए के आधार पर दूसरे बदमाशों की भी जानकारी जुटाई जा रही है। कंपनी ने दरकिनार किए ना‌र्म्स :

एसपी सिटी बृजेश श्रीवास्तव ने बताया कि सिक्योरिटी एजेंसी चलाने वाली कंपनी ने ना‌र्म्स को दरकिनार कर रकम भेजा था। नियमत: 10 लाख से अधिक रकम बख्तरबंद गाड़ी में ले जाना चाहिए। जबकि 20 लाख या उससे अधिक रकम भी बक्शा में रखकर ताला लगाने और बख्तरबंद गाड़ी में सुरक्षा गार्डो के साथ ले जाने का नियम है। इसका पालन नहीं हुआ। दफ्तर पर तीन गाड़ियां खड़ी थीं, जिनका उपयोग नहीं हुआ। यह पता लगाया जा रहा है कि ऐसा क्यों हुआ।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.