अंतर जनपदीय पुलिस प्रतियोगिताओं में मेजबान प्रयागराज का दबदबा Prayagraj News
प्रयागराज के खिलाडि़यों ने अपनी बेहतर प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए अंतर जनपदीय पुलिस प्रतियोगिताओं में दबदबा कायम किया। प्रतियोगिता का समापन पुरस्कार वितरण से हुआ।
प्रयागराज, जेएनएन। 23वीं प्रयागराज जोन अंतर जनपदीय पुलिस वार्षिक वालीबॉल, बास्केटबॉल, हैंडबॉल और योग प्रतियोगिता का समापन हुआ। प्रतियोगिता में मेजबान प्रयागराज के खिलाडिय़ों का दबदबा रहा। रिजर्व पुलिस लाइन में खेली गई प्रतियोगिता के अंतिम दिन प्रयागराज ने पुरुष वर्ग में हैंडबॉल, बास्केटबॉल, वालीबॉल और महिला वर्ग में बास्केटबॉल और वालीबॉल स्पर्धा में खिताब जीता।
हैंडबाल के पुरुष वर्ग में कौशांबी को पराजय
पुरुष वर्ग के हैंडबॉल स्पर्धा के फाइनल में प्रयागराज ने कौशांबी को 12-3 से पराजित किया। प्रयागराज के लिए संजय सिंह ने पांच, चंद्र शेखर सिंह ने चार, रामनिवास ने तीन गोल किए। कौशांबी के लिए शमशेर अली ने दो और विजय कुमार ने एक गोल किया। बास्केटबॉल स्पर्धा के खिताबी मुकाबले में प्रयागराज ने प्रतापगढ़ को 31-16 से हराया। प्रयागराज के लिए रामनिवास ने 16, संजय सिंह ने 10, कमरुद्दीन ने पांच गोल किए। प्रतापगढ़ के लिए महेंद्र कुमार ने छह, सुनील सिंह ने पांच गोल किए।
वालीबॉल में प्रतापगढ़ और कौशांबी को हार का करना पड़ा सामना
वालीबॉल स्पर्धा के पुरुष वर्ग में प्रयागराज ने प्रतापगढ़ 3-2 से पराजित किया। महिला वर्ग के वालीबॉल के फाइनल में प्रयागराज ने कौशांबी को 21-6, 21-5 से हराया। बास्केटबॉल के खिताबी मैच में प्रयागराज ने बांदा को 8-5 से पराजित किया। इस मौके पर एडीजी सुजीत पांडेय ने खिलाडिय़ों को पुरस्कृत किया।
जिला महिला वॉलीबॉल ट्रायल
जिला महिला वालीबॉल टीम का चयन सोमवार को अभिताभ बच्चन स्पोट्र्स काम्प्लेक्स, म्योहाल में आयोजित होगा। जिला वालीबॉल एसोसिएशन के सचिव आरपी शुक्ला ने बताया कि इच्छुक खिलाड़ी दोपहर में तीन बजे तक म्योहाल में कोच शशिकांत से संपर्क कर सकती हैं। चयनित खिलाड़ी 19 सितंबर को मदन मोहन मालवीय स्टेडियम प्रयागराज में मंडल स्तरीय वालीबॉल चयन प्रतियोगिता में भाग लेंगी।