ट्रांजिट रिमांड पर अमरोहा ले जाए गए प्रेमी युगल Prayagraj News
किशोरी और शमीम को अगवा करने वाले उसके पिता और पांच रिश्तेदारों को जेल भेज दिया गया। वहीं प्रेमी युगल को पुलिस अमरोहा ले गई।
प्रयागराज, जेएनएन। इलाहाबाद उच्च न्यायालय के पास से अगवा होने के बाद फतेहपुर में मुक्त कराए गए प्रेमी युगल को पुलिस ने मंगलवार की रात में अमरोहा ले गई। इससे पूर्व किशोरी और उसके प्रेमी शमीम को कैंट थाने में लाकर पूछताछ की गई थी। सुबह अमरोहा पुलिस प्रयागराज पहुंच गई। दोनों जिलों की पुलिस ने मंगलवार शाम प्रेमी युगल को अदालत में पेश किया। फिर ट्रांजिट रिमांड बनवाया। रात में दोनों को अमरोहा सड़क मार्ग से पुलिस ले गई।
अमरोहा की अदालत में आज पेश किए जाएंगे प्रेमी युगल
बुधवार सुबह उन्हें वहां की अदालत में पेश किया जाएगा। वहीं किशोरी और शमीम को अगवा कर ले जाने वाले किशोरी के पिता और पांच रिश्तेदारों को मंगलवार को जेल भेज दिया गया। सभी के खिलाफ कैंट थाने में अपहरण का मुकदमा दर्ज हुआ था।
आइए जानें क्या था मामला
मुरादाबाद के कांठ थाना क्षेत्र के फतेहपुर गांव का शमीम अहमद 11 जुलाई की रात अमरोहा के नौगंवा थाना क्षेत्र की रहने वाली किशोरी को लेकर भाग गया था। 14 जुलाई को घरवालों ने नौगंवा थाने में शमीम के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज कराया था। सोमवार सुबह प्रेमी युगल को हाईकोर्ट के पास से स्कार्पियो सवार लोगों ने अगवा कर लिया था।
अमरोहा पुलिस को बुलाया गया
फतेहपुर पुलिस ने स्कार्पियो पकड़ी तो पता चला किशोरी के पिता और रिश्तेदार दोनों को अगवा कर ले गए थे। सोमवार रात प्रयागराज पुलिस प्रेमी युवक और अपहरण के आरोपितों को यहां ले आई थी। चूंकि किशोरी और शमीम के खिलाफ अमरोहा में मामला दर्ज था इसलिए अमरोहा पुलिस को बुलाया गया।
बोले सीओ सिविल लाइंस
सीओ सिविल लाइंस बृज नारायण सिंह के मुताबिक, अमरोहा और प्रयागराज पुलिस ने किशोरी और शमीम को कोर्ट में पेश कर ट्रांजिट रिमांड बनवा लिया। रात में अमरोहा पुलिस दोनों को लेकर चली गई। अपहरण के आरोपित लड़की के पिता और मतलूब अहमद निवासी देहरी जुम्मन थाना कांठ, मुरादाबाद, पप्पू शाह निवासी नानक नगली थाना नौगांवा, अमरोहा, निजामुद्दीन निवासी बहरामपुर थाना लाइट, मुरादाबाद साहब उल्फत शाह निवासी नानक नगरी थाना नौगंवा, अमरोहा, रईस अहमद निवासी अमरोहा को जेल भेज दिया गया।