ताइक्वांडो चैंपियनशिप में प्रयागराज के खिलाडिय़ों को पांच पदक मिले Prayagraj News
खिलाडिय़ों की इस उपलब्धि पर प्रयागराज ताइक्वांडो एसोसिएशन के अध्यक्ष शिवभान सिंह यादव वरिष्ठ उपाध्यक्ष निशांत मेहरोत्रा संयुक्त सचिव सनी सिंह ने उन्हें बधाई दी!
प्रयागराज, जेएनएन: ताइक्वांडो फेडरेशन ऑफ इंडिया के दिशा-निर्देशन में रांची ताइक्वांडो एसोसिएशन की ओर से आयोजित प्रथम भगवान बिरसा मुंडा नेशनल ताइक्वांडो चैंपियनशिप में प्रयागराज के खिलाडिय़ों को पांच पदक मिले। रांची के हरिवंश टाना भगत इंडोर स्टेडियम में चार से सात जुलाई तक हुई प्रतियोगिता में शुष्मना यादव को अंडर 52 किग्रा., जया जायसवाल को अंडर 49 किग्रा., शिवा सिंह को अंडर 73 किग्रा. युवराज सिंह को ओवर 78 किग्रा. भार वर्ग में ब्रांज मेडल मिला। अंडर 30 पुमसे पेयर में अभिनव यादव और तनु विश्वकर्मा ने गोल्ड मेडल प्राप्त किया। टीम के कोच हसीब अहमद थे। खिलाडिय़ों की इस उपलब्धि पर प्रयागराज ताइक्वांडो एसोसिएशन के अध्यक्ष शिवभान सिंह यादव, वरिष्ठ उपाध्यक्ष निशांत मेहरोत्रा, संयुक्त सचिव सनी सिंह ने उन्हें बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
नैनी की नेहा व सचिन का एनआइएस में चयन:
अपेक्स नैनी हैंडबाल संघ के दो खिलाड़ी नेहा पांडेय व सचिन शुक्ला का चयन नेताजी सुभाष चंद्र बोस राष्ट्रीय खेल संस्थान के लिए हुआ है। संघ के सचिव कौशल दीक्षित ने बताया कि नेहा वर्तमान में प्रशिक्षक के रूप में कार्य कर रही है। इनके पिता केदारनाथ पांडेय मजदूरी कर परिवार चलाते हैैं। इनकी माता उषा पांडेय गृहणी है। वहीं सचिन शुक्ला के पिता राजेंद्र प्रसाद शुक्ला कौशांबी में सिपाही है। माता उर्मिला शुक्ला गृहणी है। सचिन खेल के चक्कर में छह माह तक सेना की नौकरी करने के बाद छोड़ दिया।