पंचायत उपचुनाव में 64 फीसद मतदान, प्रधानों के छह पदों पर पोल Prayagraj News
प्रयागराज में प्रधानों के छह पदों पर पोलिंग हुई। सुबह सात से शाम पांच बजे तक लोगों ने मतों का उपयोग किया। मतपेटियां ब्लॉक मुख्यालयों में स्ट्रांग रूम में कड़ी सुरक्षा में रखी हैं।
प्रयागराज, जेएनएन। जिले में शनिवार को प्रधानों के छह पदों पर हुए उप चुनाव में 64.41 फीसद मतदान हुआ। मतपेटियां ब्लॉक मुख्यालयों पर बने स्ट्रांग रूम में कड़ी सुरक्षा में रखवा दी गई हैं। मतगणना आठ जुलाई को होगी।
सुबह से ही बूथों पर मतदाताओं की लग गई थी कतार
उपचुनाव के लिए शनिवार सुबह सात बजे से मतदान शुरू हुआ। सुबह ही बूथों पर मतदाताओं की कतार लग गई थी। दोपहर में बारिश के दौरान भी कई केंद्रों पर मतदाता जुटे रहे। पांच बजे मतदान खत्म हो गया। इसके बाद पोलिंग पार्टियां मतपेटियों को ब्लॉक मुख्यालय ले जाकर आरओ की मौजूदगी में स्ट्रांग रूम में जमा कर दिया।
ग्राम पंचायत सदस्य के 72 पदों में से 62 पद पर निर्विरोध निर्वाचन हुआ
ग्राम पंचायत सदस्य के 72 पदों में से 62 पद पर निर्विरोध निर्वाचन हो गया। दस पदों पर किसी ने उम्मीदवारी नहीं जताई। इसी तरह बीडीसी सदस्य के 10 पदों पर उप चुनाव के लिए अधिसूचना जारी की गई थी, जिसमें सभी पदों पर निर्विरोध निर्वाचन हो गया।
खास बातें
67.51 फीसद मतदान सबसे ज्यादा सैदाबाद के ढुढेहरी में हुआ
54.58 प्रतिशत मतदान सबसे कम बहरिया के बलकरनपुर में हुआ
यहां हुई पोलिंग
प्रधान पद के लिए सैदाबाद के ढुढेहरी, प्रतापपुर के छतौना, मऊआइमा के वृसिंगपुर (अलीपुर), मेजा के इटवा खुर्द, कौंधियारा के माही व बहरिया के बलकरनपुर में शनिवार को उपचुनाव हुआ। सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी दिनेश तिवारी ने बताया कि मतपेटियों को सुरक्षित रखवा दिया गया है।
ग्राम पंचायतों में मतदान प्रतिशत
ढुढेहरी - 67.51
छतौना - 60.45
वृसिंगपुर - 64.11
इटवा खुर्द - 55.69
माही - 63.92
बलकरनपुर - 54.58