अलीगढ़ में साथा चीनी मिल बंद होने से गन्ना किसान सड़क पर
साथा चीनी मिल तीन दिन से बंद है। ऐसे हालात में किसान और गन्ना सड़क पर है। शीघ्र ही मिल के चालू होने की संभावना जताई जा रही है।
अलीगढ़ (जेएनएन)। साथा चीनी मिल तीन दिन से बंद है। ऐसे हालात में किसान और गन्ना सड़क पर है। शीघ्र ही मिल के चालू होने की संभावना जताई जा रही है। मिल के आए दिन बंद रहने से अधिकांश गन्ना बुलंदशहर की मिलों को स्थानांतरित हो चुका है। इससे मिल पर अगले पेराई सत्र में संकट के बादल मंडरा रहे हैं।
दस हजार कुंतल गन्ना सड़क पर
साथा चीनी मिल का पेराई सत्र 29 नवंबर को शुरू हुआ था। तीन दिन से मिल बंद हैं। मिल के आए दिन बंद रहने से किसान परेशान हैं। मिल अब तक चार लाख कुंतल गन्ने की पेराई कर 20 हजार कुंतल चीनी का उत्पादन कर सकी है। 10 हजार कुंतल गन्ना मिल के बाहर लेकर किसान खड़े हैं।
ईंधन की आ रही है समस्या
जिला गन्ना अधिकारी सुनील कुमार ने भी किसानों से वार्ता की है। किसान नेता एसके राना ने बताया कि मिल के बंद रहने से किसान परेशान है। खेतों में काफी गन्ना खड़ा है। गोपी मिल पहले ही बंद हो चुकी है। ऐसे ही हालात रहे तो में जनपद का किसान गन्ना की खेती छोडऩे पर मजबूर होगा। महाप्रबंधक ओपी राय ने बताया कि बगास न मिलने के कारण ईंधन की समस्या आ रही है। रविवार को मिल चल जाएगी। किसानों की समस्या को देखते हुए मिल का गन्ना दूसरी मिलो को स्थानांतरित किया गया है।
कलक्ट्रेट पर पंचायत 18 को
मिल के बंद रहने से मजबूर किसान 18 फरवरी को सुबह 11 बजे कलक्ट्रेट पर एकजुट होकर पंचायत करेंगे। भारतीय किसान यूनियन भानु गुट के मंडल महामंत्री एसके राना ने कहा कि मिल ने 15 फरवरी तक तीन लाख कुंतल गन्ने की पेराई की है। मिल से किसानों का भरोसा उठता जा रहा है।