अलीगढ़ में तैनात दारोगा की पत्नी क्यों झूल गई फंदे पर?
कानपुर का रहने वाला है दारोगा पारथ सिंह।
अलीगढ़ : जवां थाने में तैनात कानपुर के दारोगा पारथ सिंह की पत्नी शैलेंद्री (34) ने मकान की रसोई में फंदा लगाकर खुदकशी कर ली। दारोगा का परिवार यहां क्वार्सी क्षेत्र की ज्ञान सरोवर कॉलोनी में किराये के मकान रह रहा था।
कानपुर देहात में राजपुर क्षेत्र के गांव बैनी निवासी पारथ सिंह पुलिस में दारोगा हैं। उनकी तैनाती यहां जवां थाने में हैं। परिवार यहां ज्ञान सरोवर कॉलोनी में योगेंद्र सिंह के मकान में दो साल किराये पर रह रहा था। पारथ सिंह की करीब 15 साल पहले जालौन जिले के कस्बा चुर्खी निवासी शैलेंद्री से शादी हुई। उनके दो बेटी व एक बेटा हैं। सबसे बड़ी बेटी करीब 13 साल की है। पारथ सिंह ने बताया कि शैलेंद्री काफी समय से मानसिक रूप से बीमार चल रही थी। इलाज भी चल रहा था। दो दिन पहले ही कानपुर से दवा लेकर लौटी थी। बीमारी से तंग आकर वह पहले मकान की छत से कूदकर व रेलवे स्टेशन पर पहुंचकर जान देने का प्रयास भी कर चुकी थी, लेकिन ऐनवक्त पर बचा लिया गया था। वह अक्सर किसी को बिना बताए आस-पड़ोस में घूमने चली जाती थी। रविवार को वे थाने से डयूटी कर दोपहर बाद घर पहुंचे तो बच्चों ने बताया कि मां काफी देर से घर में नहीं है। उन्होंने बच्चों संग आस-पड़ोस में तलाशा, लेकिन पता नहीं चला। वे मकान की ऊपरी मंजिल पर पहुंचे तो रसोई में स्लैब के सहारे शैलेंद्री का शव साड़ी के फंदे से लटका मिला। सूचना पर पुलिस पहुंच गई। इंस्पेक्टर क्वार्सी रवींद्र कुमार सिंह ने बताया कि महिला के मायके खबर दे दी गई है। शव को मोर्चरी पर रखवा दिया है। मायके वालों के आने पर ही पोस्टमार्टम व आगे की कार्रवाई की जाएगी।