अलीगढ़, जागरण संवाददाता : गौंडा क्षेत्र के गांव ढांटोली में सात साल पहले मृत दर्शाई गई किशोरी व उसके माता-पिता के बुधवार को डीएनए सैंपल लिए गए। जिला मलखान सिंह अस्पताल में तीनों के बाल, नाखून व ब्लड के नमूने लिए गए हैं। इन्हें जांच के लिए विधि विज्ञान प्रयोगशाला भेजा जाएगा।
17 फरवरी 2015 को गौंडा क्षेत्र के गांव ढांटोली में रहने वाले एक व्यक्ति ने मुकदमा दर्ज कराया था। इसमें कहा था कि 10वीं में पढ़ने वाली उनकी बेटी लापता है। इसमें गांव के ही विष्णु पर शक जताया।
Neelachal Express Tragedy: पोल से टकराते हुए यात्री के गले में घुसा था सब्बल, इंजीनियर समेत तीन गिरफ्तार
पुलिस किशोरी का सुराग नहीं लगा पाई। कुछ महीनों बाद आगरा में एक किशोरी का शव मिला। स्वजन ने उसकी शिनाख्त अपनी बेटी के रूप में की थी। विष्णु पर हत्या का आरोप लगा। विष्णु अभी जेल में है। इधर, बीते दिनों आरोपित विष्णु की मां सुनीता गौतम ने एसएसपी से शिकायत की और कहा कि जिस लड़की की हत्या में बेटा जेल में है, वह हाथरस में जिंदा है और नगला चौखा निवासी राजकुमार के साथ शादी करके रह रही है। जांच में पता चला कि किशोरी नाम बदलकर रह रही थी।
पुलिस ने उसे बरामद करके अदालत के समक्ष बयान कराए। बुधवार को उसके व माता-पिता के डीएनए सैंपल लिए गए हैं। सीओ इगलास राघवेंद्र सिंह ने बताया कि तीनों के डीएनए सैंपल जांच के लिए विधि विज्ञान प्रयोगशाला भेजे जाएंगे। प्रयास रहेगा कि एक माह के अंदर रिपोर्ट आ जाए। इसके अलावा मामले में हर बिंदु पर विवेचना की जा रही है।