यूपी 2027 चुनाव: अब लोकदल और कांग्रेस के बीच गठबंधन! कांग्रेस नेता राहुल गांधी से मिले सुनील सिंह
लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुनील सिंह ने राहुल गांधी से मुलाकात कर 2027 यूपी विधानसभा चुनाव में गठबंधन और सीट ...और पढ़ें

कांग्रेस नेता राहुल गांधी के साथ लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुनील सिंह । सौ. संगठन
HighLights
लोकदल अध्यक्ष सुनील सिंह ने राहुल गांधी से मुलाकात की।
2027 यूपी विधानसभा चुनाव गठबंधन, सीट बंटवारे पर चर्चा।
पंचायत, किसान, ग्रामीण मुद्दों पर भी गहन विचार-विमर्श हुआ।
जागरण संवाददाता, अलीगढ़। उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव की सियासी तैयारियां तेज होने के साथ ही छोटे दल भी अपनी राजनीतिक भूमिका और गठबंधन में हिस्सेदारी को लेकर सक्रिय हो गए हैं। लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व एमएलसी चौधरी सुनील सिंह ने मंगलवार को नई दिल्ली में कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी से मुलाकात की।
दोनों नेताओं के बीच आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर लोकदल की भूमिका, सीटों की हिस्सेदारी और विपक्षी गठबंधन में पार्टी की भागीदारी पर चर्चा हुई।
चुनाव में सीट हिस्सेदारी से लेकर पंचायत और किसान मुद्दों तक पर मंथन
बैठक में पंचायत चुनाव और पंचायतों को उनके संवैधानिक अधिकार दिए जाने का मुद्दा भी उठा। 73वें और 74वें संविधान संशोधनों की भावना के अनुरूप पंचायतों और स्थानीय निकायों को अधिक अधिकार और प्रभावी भूमिका देने पर चर्चा हुई। लोकदल की राजनीति में किसान और ग्रामीण क्षेत्र के मुद्दे प्रमुख रहे हैं, ऐसे में इन्हें आगामी चुनावी विमर्श से जोड़ने की तैयारी के संकेत भी बैठक से मिले।
ग्रामीण क्षेत्र, रोजगार, महंगाई और आम जनता से जुड़े मुद्दों पर भी विचार-विमर्श
दोनों नेताओं के बीच किसानों, ग्रामीण क्षेत्र, रोजगार, महंगाई और आम जनता से जुड़े मुद्दों पर भी विचार-विमर्श हुआ। लोकदल की ओर से इन मुद्दों को 2027 के विधानसभा चुनाव में प्रमुखता से उठाने की बात कही गई। पिछले दिनों सुनील सिंह हाल में सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव से भी मुलाकात कर चुके हैं। उस मुलाकात में भी 2027 के विधानसभा चुनाव और सीटों के बंटवारे को लेकर चर्चा हुई थी।
ऐसे में राहुल गांधी से हुई ताजा मुलाकात के बाद लोकदल की गठबंधन को लेकर सक्रियता ने प्रदेश की विपक्षी राजनीति में नए सियासी समीकरणों की चर्चा को बढ़ा दिया है।
यह भी पढ़ें- सपा-लोकदल मिलकर लड़ेंगे यूपी विधानसभा चुनाव 2027, राष्ट्रीय अध्यक्ष ने किया 35 सीटों पर दावा
