अलीगढ़ में लोअर पीसीएस मुख्य परीक्षा संपन्न, सिविल सेवा के सपने संजोए अभ्यर्थियों ने दी परीक्षा
अलीगढ़ में यूपी लोअर पीसीएस मुख्य परीक्षा-2025 शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई, जिसमें 73.55% अभ्यर्थी उपस्थित रहे।

आगरा रोड स्थित चिरंजीलाल बालिका इंटर कालेज से लोअर पीसीएस की परीक्षा देकर बाहर निकलते अभ्यर्थी। जागरण
HighLights
अलीगढ़ के 19 केंद्रों पर लोअर पीसीएस मुख्य परीक्षा हुई।
परीक्षा में 73.55 प्रतिशत अभ्यर्थी उपस्थित रहे, 2488 अनुपस्थित।
अभ्यर्थियों ने सिविल सेवा और यूपी पीसीएस की तैयारी परखी।
जागरण संवाददाता, अलीगढ़। दो घंटे... एक परीक्षा... और हजारों अभ्यर्थियों का भविष्य। सिविल सर्विसेज में जाने का सपना लिए किसी के चेहरे पर आत्मविश्वास था तो किसी के माथे पर परीक्षा का तनाव। सुबह के नौ बजते-बजते शहर के 19 परीक्षा केंद्रों के बाहर अभ्यर्थियों की चहल-पहल बढ़ गई।
कोई प्रवेशपत्र संभालता नजर आया तो कोई आखिरी बार किताब के पन्ने पलटता दिखा। गेट खुलते ही अभ्यर्थियों का प्रवेश शुरू हुआ और ठीक सुबह 10 बजे उत्तर प्रदेश लोअर पीसीएस मुख्य परीक्षा-2025 शुरू हो गई। कड़ी सुरक्षा के बीच दोपहर 12 बजे तक परीक्षा चली।
अंदर अभ्यर्थी अपने सवालों से जूझते रहे और बाहर उनके स्वजन परीक्षा खत्म होने का इंतजार करते रहे। परीक्षा देकर बाहर आए कुछ अभ्यर्थियों के चेहरे पर तनाव था तो कुछ उलझन में नजर आए। परीक्षा में नौ हजार 408 अभ्यर्थियों के सापेक्ष छह हजार 920 ही सम्मिलित हुए। दो हजार 488 ने परीक्षा छोड़ दी।
रविवार सुबह निर्धारित समय से पहले ही अभ्यर्थी परीक्षा केंद्रों पर पहुंचने लगे थे। सुबह नौ बजे से बायोमीट्रिक सत्यापन, पहचान पत्र की जांच व अन्य प्रवेश प्रक्रिया पूरी होने के बाद अभ्यर्थियों को केंद्रों के अंदर भेजा गया और इसके बाद परीक्षा शुरू हुई।
डीएस कॉलेज में सबसे अधिक 446 अभ्यर्थी उपस्थित रहे। यहां 600 अभ्यर्थी पंजीकृत थे, जबकि 154 अनुपस्थित रहे। डीएवी इंटर कॉलेज में 600 में से 438 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी और 162 अनुपस्थित रहे। अग्रसेन इंटर कॉलेज में 600 में से 432 अभ्यर्थी उपस्थित हुए और 168 नहीं पहुंचे।
धर्म समाज इंटर कॉलेज में 480 में से 340, धर्म समाज इंटर कॉलेज के दूसरे केंद्र पर 600 में से 446, गोपीराम पालीवाल इंटर कॉलेज में 480 में से 355 तथा राजकीय कन्या इंटर कॉलेज में 384 में से 292 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए। वहीं हीरालाल बारहसैनी इंटर कॉलेज में 600 में से 428, जनता इंटर कॉलेज में 528 में से 384 और नौरंगी लाल राजकीय इंटर कॉलेज में 384 में से 277 अभ्यर्थी उपस्थित रहे। रघुवीर सहाय इंटर कॉलेज में 480 में से 347 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी।
इसी तरह रतन प्रेम डीएवी बालिका इंटर कॉलेज में 480 में से 354, श्री माहेश्वरी गर्ल्स इंटर कॉलेज में 480 में से 370, श्री टीकाराम कन्या इंटर कॉलेज में 480 में से 348, श्री उदय सिंह जैन गर्ल्स इंटर कॉलेज में 432 में से 304, श्री वार्ष्णेय महाविद्यालय में 480 में से 354, श्री टीकाराम कन्या महाविद्यालय में 480 में से 377 और श्री टीकाराम गर्ल्स इंटर कॉलेज में 480 में से 367 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने केंद्रों का दौरा कर व्यवस्था परखी।
परिणाम पर रहेगा नजर
परीक्षा समाप्त होने के बाद केंद्रों से बाहर निकले अभ्यर्थियों के बीच प्रश्नपत्र को लेकर चर्चा होती रही। किसी ने प्रश्नों को अपेक्षाकृत कठिन बताया तो कुछ अभ्यर्थी आसान सवालों को लेकर भी चर्चा करते नजर आए।
परीक्षा देने आए अभ्यर्थियों के लिए यह प्रशासनिक सेवा की तैयारी की दिशा में महत्वपूर्ण पड़ाव रहा। तमाम छात्र यूपी पीसीएस की तैयारी में जुटे नजर आए। अब सभी को परिणाम का इंतजार रहेगा।
मार्गों पर लगा जाम
परीक्षा छूटने के दौरान रामघाट रोड, नौरंगाबाद, जीटी रोड, सारसौल चौराहों पर अभ्यर्थियों की भीड़भाड़ रही। कई जगह जाम की स्थिति पैदा हो गई, पुलिस कर्मियों ने काफी मशक्कत कर स्थिति संभाली।
परीक्षार्थियों के बोल
सामान्य अध्ययन और करंट अफेयर्स का स्तर आसान से मध्यम रहा। करंट अफेयर्स में कुछ प्रश्न गहराई से पूछे गए। गणित और डीआइ में कैलकुलेशन अधिक थी, जबकि हिंदी, कंप्यूटर और यूपी जीके आसान रहे।
-जय यादव, अभ्यर्थी
पेपर का सामान्य अध्ययन भाग ज्यादा कठिन नहीं था। करेंट अफेयर्स में कुछ अच्छे और तथ्यात्मक सवाल आए। डीआइ और गणित में समय अधिक लगा। हिंदी, कंप्यूटर तथा उत्तर प्रदेश जीके अपेक्षाकृत आसान रहे।
-गौरव कुमार, अभ्यर्थी
परीक्षा में सामान्य अध्ययन का स्तर संतुलित रहा। करंट अफेयर्स के कुछ सवालों ने चौंकाया। गणित व डीआइ के प्रश्न गणना वाले थे। वहीं हिंदी, कंप्यूटर और यूपी जीके के प्रश्न सीधे और स्कोरिंग लगे।
-विनीता गौतम, अभ्यर्थी
पेपर आसान से मध्यम स्तर का रहा। करंट अफेयर्स में कुछ प्रश्न गहराई से पूछे गए, जबकि गणित और डीआइ में कैलकुलेशन अधिक रही। अब मुझे यूपी पीसीएस में बैठना है, जिसकी तैयारी करूंगी।
-वंदना सिंह, अभ्यर्थी
