By Kiran PalEdited By: Aysha Sheikh Published: Mon, 03 Mar 2025 09:42 PM (IST)
अलीगढ़ के बादल बाबू जो बिना वीजा-पासपोर्ट पाकिस्तान गया था ने जेल में इस्लाम कबूल कर अपना नाम आदल रख ...और पढ़ें
जागरण संवाददाता, बरला (अलीगढ़)। प्रेमिका से मिलने बिना वीजा-पासपोर्ट चार माह पहले पाकिस्तान गए युवक ने जेल में अपना धर्म बदल लिया। इस्लाम कबूल कर लिया है। बादल बाबू की जगह नाम आदल रखा है। वहां रोजा रख रहा है। करांची पुलिस की ओर से न्यायालय में पेश की गई चार्ज शीट में अवैध तरीके से पाकिस्तान में घुसना बताया है।
अब उसे 10 मार्च को न्यायालय में पेश किया जाएगा। वहां से अधिवक्ता फियाज रामे ने बादल के पिता को फोन पर बताया कि उसने अपनी प्रेमिका के नाम एक पत्र भी उन्हें दिया है, जिसमें उसके बिना न रहने की बात कही है। साथ ही लिखा है कि वह भारत नहीं जाएगा। पाकिस्तान में ही रहेगा।
पाकिस्तान की युवती से हुआ प्यार
जिले के बरला क्षेत्र के गांव खिटकारी के कृपाल सिंह 20 वर्षीय बेटा बादल बाबू की दिल्ली में सिलाई का काम करता था। करीब एक वर्ष पहले फेसबुक के जरिए पाकिस्तान के बहाउद्दीन मंडी की रहने वाली सना नाम की युवती से दोस्ती हो गई और फिर प्यार हो गया।
![]()
पिछले वर्ष जुन-जुलाई से ही वह पाकिस्तान जाने का रास्ता तलाश रहा था। रक्षाबंधन पर वह घर आया। यहां से 22 अगस्त को वापस दिल्ली गया। दीपावली से 15 दिन पहले अचानक गायब हो गया। फोन करने पर बोला कि काम के सिलसिले में बाहर आया हूं।
दीपावली पर आ जाऊंगा। उसने जगह का नाम नहीं बताया। उसका मोबाइल मिलना भी बंद हो गया। 30 अक्टूबर को घर पर वीडियो काल किया। कहा, जहां आना था, वहां आ गया हूं। 27 दिसंबर को मंडी बहाउद्दीन इलाके से पाकिस्तान की पंजाब पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया।
बिना वीजा के पहुंच गया पाकिस्तान
वीजा या दस्तावेज मांगे तो, वह नहीं दे सका। तभी से वह जेल में है। पिता कृपाल सिंह ने आनलाइन संपर्क कर बेटे की रिहाई के लिए वकील किए। उन्होंने वीडियो काल पर स्वजन से बात भी कराई। 21 फरवरी को चार्जशीट पेश की गई, जिसमें प्रेमिका से मिलने बिना पासपोर्ट -वीजा सरहद पार करने की बात लिखी है। 28 फरवरी को उसे कोर्ट में पेश किया गया।
तब बादल ने खुद का नाम आदल बताया और इस्लाम कबूलने की जानकारी दी। यही जानकारी पिता को फोन पर हुई बातचीत में दी। कृपाल सिंंह ने बताया कि बादल ने अपने वकील को प्रेमिका के नाम एक पत्र दिया है। इसमें लिखा है कि सना वह तुमसे बहुत प्यार करता है और उसके बगैर नहीं रहेगा। इस्लाम धर्म भी अपना लिया। बादल से आदल बन गया और वह भारत कभी नहीं जाएगा। उसके साथ पाकिस्तान में ही रहेगा।