हाथरस के दो युवकों की सड़क हादसे में मौत, आगरा से सादाबाद लौट रहे थे दोनों
हाथरस के दो बाइक सवार युवकों की शनिवार की रात सड़क हादसे में मौत हो गई। ये दोनों बाइक पर आगरा से हाथरस की तहसील सादाबााद लौट रहे थे। खंदौली में हादसा हो गया।
हाथरस जेएनएन: उत्तर प्रदेश के जनपद हाथरस के दो बाइक सवार युवकों की शनिवार की रात सड़क हादसे में मौत हो गई। ये दोनों बाइक पर आगरा से हाथरस की तहसील सादाबााद लौट रहे थे। खंदौली में हादसा हो गया। आगरा से लौट रहे दूधिया और उसके साथी को अज्ञात वाहन ने खंदौली में टक्कर मार दी। एक ने मौके पर और दूसरे ने एसएन मेडिकल कॉलेज आगरा में दम तोड़ दिया। हादसे के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने जाम लगाने का प्रयास किया। पुलिस ने समझा-बुझाकर उन्हें शांत कराया।
बाइक से लौट रहे थे दोनों
मिढ़ावली, सादाबाद, हाथरस निवासी नीरेंद्र (27) पुत्र पद्म सिंह दूधिया थे। वे पत्नी के साथ रामबाग पर रहते थे। पुलिस के मुताबिक शनिवार रात में नीरेंद्र अपने साथी बीटू (28) पुत्र अजब सिंह के साथ बाइक से आगरा से सादाबाद जा रहे थे। खंदौली में पोइया के पास पहुंचते ही सामने से आए अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। नीरेंद्र की मौके पर ही मृत्यु हो गई।
राहगीरों ने एसएन मेडिकल कॉलेज में कराया भर्ती
राहगीरों ने घायल बीटू को एसएन मेडिकल कॉलेज आगरा में भर्ती कराया। यहां कुछ देर के उपचार के बाद उसने भी दम तोड़ दिया। हादसे की सूचना के बाद भी देर तक पुलिस के नहीं पहुंचने पर ग्रामीणों का गुस्सा भड़क गया। उन्होंने जाम लगाने की कोशिश की। हालंाकि कुछ देर बाद पहुंची पुलिस ने उन्हें समझा बुझाकर शांत कराया। पुलिस का कहना है कि मृतकों के स्वजनों को सूचना दे दी गई है।