बीएससी की छात्रा और तीन वर्ष की बच्ची से दुष्कर्म का प्रयास
आज अलीगढ़ जिला मुख्यालय से 25 किमी दूर खैर थाना क्षेत्र में दुष्कर्म के प्रयास की दो घटनाएं हुईं। इससे गांव वालों में आक्रोश है।
अलीगढ़ (जेएनएन)। कोचिंग पढऩे जा रही छात्रा के साथ दुष्कर्म का प्रयास किया गया। छात्रा के शोर मचाने पर गांव के लोगों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया है। आज जिला मुख्यालय से 25 किमी दूर खैर थाना क्षेत्र में दुष्कर्म के प्रयास की दो घटनाएं हुईं। इससे गांव वालों में आक्रोश है।
अलीगढ़ के गांव मथना निवासी बीएससी की एक छात्रा सुबह नौ बजे कोचिंग जा रही थी। रास्ते में उसे दो युवकों ने पकड़ लिय और सरसों के खेत में ले जाने लगे। घबराई छात्रा के शोर मचाने पर गांव वालों ने एक को पकड़ लिया। जिसने अपना नाम छोटू पुत्र जवाहर सिंह निवासी भंकरपुर बसेरा थाना राया (मथुरा) बताया है। गांव वालों ने उसकी पिटाई कर पुलिस के हवाले कर दिया। उसका साथी कोहरे का लाभ उठाकर भागने में सफल रहा। छोटू ने अपने को ट्रक चालक बताया है। छात्रा के चाचा ने खैर थाने में दोनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
दूसरी घटना गांव पीपल में तीन साल की बच्ची के साथ हुई। गांव का ही एक युवक बच्ची को उठाकर खेत में ले गया। बच्ची की चीख सुनकर खेत में काम कर रहे गांव वालों ने उसे बचाया, लेकिन आरोपी भागने में सफल रहा। बच्ची के हाथ-पैर भी बंधे मिले। इसकी रिपोर्ट भी दर्ज कराई गई है।