पुलिस पर हमले में दो दबोचे, शराब तस्कर परिवार समेत फरार Aligarh news
16 जुलाई को पुलिस गांव में शराब तस्कर को पकडऩे गई थी। तभी उसके स्वजनों ने हमला किया और आरोपित को छुड़ाकर ले गए थे।
अलीगढ़, [जेएनएन]। दादों क्षेत्र के गांव सांकरा में पुलिस पर हमला करने के मामले में गुरुवार को दो और आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। 16 जुलाई को पुलिस गांव में शराब तस्कर को पकडऩे गई थी। तभी उसके स्वजनों ने हमला किया और आरोपित को छुड़ाकर ले गए थे। हालांकि शराब तस्कर परिवार समेत फरार हैं। अब तक पांच आरोपित पकड़े जा चुके हैं।
बीते दिनों आए जिले के नोडल अफसर डीजी ईओडब्ल्यू आरपी सिंह ने इस घटना पर चर्चा करते हुए सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे। एक महिला को पुलिस ने अगले ही दिन पकड़ लिया था। गुरुवार को एसपी क्राइम डॉ. अरविंद कुमार ने बताया कि सांकरा में 16 जुलाई को पालीमुकीमपुर व दादों पुलिस शराब तस्करी के आरोपित जागन पुत्र लाखन उर्फ कड्डे व उसके बेटा संजू को पकडऩे के लिए पहुंची थी। पुलिस ने जागन को जीप में बिठा लिया था। तभी महिलाओं ने विरोध करते हुए पथराव कर दिया। परिवारीजन जागन को छुड़ाकर ले गए। लाठी-डंडा व रॉड से पुलिस पर हमला किया। इसमें दारोगा व दो महिला सिपाही घायल हुई थीं। पुलिस ने 14 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। अगले ही दिन हंसो देवी को पकड़ लिया गया। इसके बाद बलराम व हरिओम का नाम सामने आया। दोनों को पुलिस ने जेल भेज दिया। गुरुवार सुबह जासुद्दीन व हसमुद्दीन पुत्रगण को कंचनपुर मोड़ से गिरफ्तार किया गया है। इन दोनों ने भी हमले में पीछे रहकर आरोपितों की मदद की थी।