छात्र-छात्राओं को सिखाए ट्रैफिक नियम, पालन करने की भी अपील
ब्रिलिएंट पब्लिक स्कूल में यातायात जागरूकता माह के तहत गोष्ठी।
जासं, अलीगढ़ : ट्रैफिक पुलिस ने जागरूकता माह के तहत शुक्रवार को ब्रिलिएंट पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल में यातायात सुरक्षा चुनौतियां व समाधान विषय पर गोष्ठी का आयोजन किया। इसमें स्कूली बच्चों को सड़क सुरक्षा के बारे में जानकारी दी गई और यातायात नियमों के पालन की अपील भी की गई। शुभारंभ एसपी ट्रैफिक सतीश चंद्र व विद्यालय के प्रधानाचार्य श्याम कुंतेल ने दीप प्रज्वलित कर किया। एसपी ट्रैफिक ने कहा कि बच्चे समाज में संदेश पहुंचाने का सबसे सशक्त माध्यम हैं। यही कारण है कि जनजागरूकता अभियान की शुरुआत विद्यालयों से होती है। अलीगढ़ को स्मार्ट सिटी बनाने के लिए प्रशासन के स्तर युद्ध स्तर पर प्रयास किए जा रहे हैं। अभियान चलाकर अनाधिकृत कब्जे हटाए गए हैं। ट्रैफिक सिग्नल के माध्यम से यातायात को नियंत्रित करके नागरिकों को जाम मुक्त चौराहे दिए जा रहे हैं। प्रधानाचार्य कुंतेल ने कहा कि विद्यालयों के माध्यम से सही दिशा में जागरूकता अभियान को ले जाया जा सकता है। सभी की आपसी समझ से हम अपने यातायात को सुगम बना सकते हैं और समय को बचा सकते हैं। यातायात पुलिस के नेपाल सिंह ने भी बच्चों से अपील की कि वे सड़क सुरक्षा के नियमों को लेकर अपने घर में चर्चा करें और अन्य लोगों को जागरूक करें। संचालन डॉ. चंद्रशेखर शर्मा ने किया।