सासनी कोतवाली से चंद कदमों की दूरी पर हजारों की चोरी Hathras News
थाना सासनी कोतवाली के नजदीक गुरुवार रात अज्ञात बदमाश एक बंद मकान से हजारों का सामान ले गए। घर के लोग मकान बंद करके एक शादी समारोह में गए थे।
हाथरस (जेएनएन)। थाना सासनी कोतवाली के नजदीक गुरुवार रात अज्ञात बदमाश एक बंद मकान से हजारों का सामान ले गए। घर के लोग मकान बंद करके एक शादी समारोह में गए थे। चोरों ने मौके का फायदा उठा लिया। परिवार के लोगों को घटना की जानकारी शुक्रवार की सुबह हुई।
शादी में गया हुआ था परिवार
हाथरस की तहसील सासनी में गुरुवार की देर रात अज्ञात बदमाशों ने इगलास रोड़ पर कोतवाली से चंद कदमों की दूरी पर एक मकान को अपना निशाना बना लिया। मकान मालिक भिककोमल पुत्र बाबूलाल गुप्ता अपने परिवार के साथ इगलास रोड़ पर अपने मकान में रहते हैं। गुरुवार को उनके भतीजे की शादी थी तो मय परिवारीजनों के वो शादी में गए थे। खास बात यह है कि आठ दिन पहले उनके पुत्र की भी शादी हुई है।
छत से हटाई पटिया
अज्ञात चोर छत के झीने की पटिया उखाड़ कर घर में प्रवेश कर गए और घर मे रखे कीमती ज्वेलरी व 70 हजार रुपए अलमारी व बक्सा तोड़ कर हजारों का सामान ले गए। पीडि़त मकान स्वामी ने घटना की तहरीर थाने में दी है। खास बात यह है कि आजकल शादियों का सीजन है। ज्यादातर लोग विवाह समारोह में शिरकत कर रहे हैं। चोर भी बंद मकान को निशाना बनाने में लगे हुए हैं।