भूखों का भर रहे पेट, गली- मोहल्लों में पहुंचा रहे खाना Aligarh news
लॉकडाउन में एडीए की सामुदायिक रसोई भूखे लोगों को पेट भर रही है। गली-मोहल्लों से लेकर झोपड़ी-झुग्गी तक खाना पहुंचाया जा रहा है।
अलीगढ़ जेएनएन : लॉकडाउन में एडीए की सामुदायिक रसोई भूखे लोगों को पेट भर रही है। गली-मोहल्लों से लेकर झोपड़ी-झुग्गी तक खाना पहुंचाया जा रहा है। हर दिन करीब 2500 लोगों को भोजन कराया जा रहा है। दैनिक जागरण भी इसमें सहयोगी बन गया है। अगर आपके क्षेत्र में कोई भूखा है तो आप फोन कर अवगत करा सकते हैं। तत्काल भोजन पहुंचाया जाएगा। लॉकडाउन के बाद अधिकांश कामकाज बंद हो गया है। तमाम लोग भी कामकाज छोड़कर घर बैठ गए हैं। इनके घरों में भोजन के लाले हैं। एडीए ने गरीब व असहायों की मदद के लिए सामुदायिक किचन की शुरुआत की है। इसका मकसद अधिक से अधिक लोगों तक खाना पहुंचाना है। एडीए के कर्मचारी व अफसरों का ग्रुप बना हुआ है। इसमें सूचना देने पर तत्काल मदद उपलब्ध कराई जाती है।
इन क्षेत्रों में कराया भोजन
महेशपुर मुर्गी फॉर्म हाउस के पास, मंजूरगढ़ी झुग्गी के पास, रियाज कॉलोनी, किले के पास झुग्गी, पीएम आवास योजना के पास क्षेत्र, अमीर निशा, लाल डिग्गी, गुरुद्वारा रोड नगला ताड़, छर्रा अड्डा पुल के पास, किशनपुर, स्वर्ण जयंती नगर विस्तार, काशीराम आवास योजना शामिल हैं। एडीए वीसी मनमोहन चौधरी ने बताया कि भूखे को खाना खिलाना सबसे बड़ा पुण्य है। इसी मकसद से रसोई की शुरुआत की गई।
इन नंबरों पर करें फोन
अगर आपके क्षेत्र में भी कोई भूखा है तो आप फोन नंबर 7983777798 व 8429021306 पर जानकारी दे सकते हैं। तत्काल खाने पहुंचाने की कोशिश होगी।