Aligarh Weather Forecast :बारिश से मौसम हुआ खुशगवार, तापमान जमीन पर Aligarh news
अरब सागर में उठे चक्रवाती तूफान का असर अलीगढ़ में दिख रहा है। कई दिनों से आसमान पर बादल छाए हुए थे। 24 घंटे पहले बूंदाबांदी भी हुई मगर बुधवार सुबह खूब बारिश हुई। इससे मौसम खुशगवार हो गया।
अलीगढ़, जेएनएन । अरब सागर में उठे चक्रवाती तूफान का असर अलीगढ़ में दिख रहा है। कई दिनों से आसमान पर बादल छाए हुए थे। 24 घंटे पहले बूंदाबांदी भी हुई, मगर बुधवार सुबह खूब बारिश हुई। इससे मौसम खुशगवार हो गया। लोगों की गर्मी से राहत मिली, लेकिन शहर के कई हिस्से जलमग्न हो गए। तापमान भी धड़ाम से नीचे आ गिरा है। 24 घंटे के भीतर चार डिग्री की गिरावट दर्ज हुई है। अधिकतम तापमान 26 डिग्री व न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है।
उमस से मिली राहत
कई दिनों से सूरज अपने तेवर दिखा रहा था। उमस से जनजीवन बेहाल था। आसमान पर बादल की आवाजाही व पछुवा हवा से कुछ राहत थी। अरब सागर में आए तूफान से यहां का मौसम भी प्रभावित होने लगा। सुबह लोग सोकर उठे तो ठंडक का अहसास हुआ। झमाझम बारिश ने मौसम को खुशगवार कर दिया। पंखे-कूलर बंद तक करने पड़े। बच्चों और बड़ों ने बालकनी में खड़े होकर बारिश का आनन्द लिया। विशेषज्ञ पहले ही बारिश की संभावना व्यक्त कर चुके थे। बहरहाल, मौसम सुहाना है और लोगों को गर्मी से निजात मिल गई है। हालांकि, विशेषज्ञ बारिश से कुछ नुकसान तो कुछ फायदा भी बता रहे हैं। उनके अनुसार इस समय बारिश के पानी को खेत में एकत्र कर सकते हैं, लेकिन जहां पर हाल ही में बोआई हुई है, वहां ज्यादा बारिश से नुकसान हो सकता है। बहरहाल, बारिश सभी के लिए ठीक है।