Aligarh में बनेगा पहला दो लेन एलिवेटेड पुल, शहर के इन मार्गों से होकर गुजरेगा, जाम से मिलेगी निजात
Two Lane Elevated Bridge अलीगढ़ का पहला दो लेन एलिवेटेड पुल बनेगा जो सड़क के बीच डिवाइडर पर पिलर खड़े कर निर्माण किया जाएगा। पुल बनने के साथ ही मौजूदा सड़क पर भी वाहन गुजरते रहेंगे। पुल निर्माण का प्रस्ताव शासन को भेज दिया है।
जागरण संवाददाता, अलीगढ़: शहर के लोगों के लिए अच्छी खबर है। अगर सब कुछ सही रहा तो जल्द ही पहले एलिवेटेड पुल की सौगात मिल जाएगी। रामघाट रोड क्वार्सी फार्म हाउस तिराहे से लेकर दोदपुर होते हुए एएमयू सर्किल तक दो लेन एलिवेटेड पुल बनेगा। 2.3 किमी लंबे इस पुल पर करीब 142 करोड़ की लागत आएगी।
मंडलायुक्त गौरव दयाल के निर्देश पर सेतु निगम ने पुल निर्माण का प्रस्ताव बनाकर शासन में भेज दिया है। अंतिम मुहर शासन से ही लगेगी। पुल बनने के साथ ही मौजूदा सड़क पर भी वाहन गुजरते रहेंगे।
शहर में रामघाट रोड पर क्वार्सी फार्म हाउस से केला नगर चौराहे, दोदपुर होते हुए एएमयू सर्किल तक का प्रमुख मार्ग है। इसी के चलते इस मार्ग पर वाहनों की अधिक व्यस्तता रहती है। रोड की चौड़ाई कम होने के चलते आए दिन जाम लगता है। इसी को देखते हुए मंडलायुक्त गौरव दयाल ने पिछले दिनों क्वार्सी फार्म हाउस से एएमयू सर्किल तक पुल निर्माण का प्रस्ताव बनाने के निर्देश सेतु निगम को दिए थे।
सेतु निगम के अफसरों ने मौका मुआयना किया। पूरे मार्ग का सर्वे किया। रामघाट रोड से ताज हास्पिटल, केला नगर चौराहे, दोदपुर तिराहे होते हुए एएमयू सर्किल पर यह पुल उतरेगा। दो लेन रोड के इस पुल के नीचे की सड़क फिलहाल की तरह चलती रहेगी। सेतु निगम ने इस प्रस्ताव को मंडलायुक्त गौरव दयाल के माध्यम से शासन में भेज दिया है।
इस तरह बनेगा पुल
सड़क के बीच डिवाइडर पर पिलर खड़े कर एलिवेटेड फ्लाइओवर का निर्माण किया जाएगा। इससे रामघाट रोड से एएमयू सर्किल की तरफ से जाने वाले वाहन सीधे पुल से गुजर सकेंगे और नीचे के वाहन फिलहाल की तरह ही संचालित रहेंगे।
इनका कहना है
लोगों की सुविधा के लिए दो लेन पुल बनाने का निर्णय लिया गया है। सेतु निगम के माध्यम से इसका प्रस्ताव बनाकर शासन में भेज दिया गया। शहर में जाम की समस्या खत्म करने के लिए यह काफी महत्वपूर्ण पुल होगा। 2.3 किमी लंबे इस पुल पर करीब 142 करोड़ की लागत आएगी। -गौरव दयाल, मंडलायुक्त
दोदपुर में हर समय जाम लगा रहता है। तीन किमी के सफर में कई बार घंटा भर तक लग जाता है। अब इस नए प्रस्तावित पुल के बनने से जाम से काफी हद तक मुक्ति मिलेगी। लोगों की समस्या को खत्म करने के लिए प्रशासन का यह अच्छा निर्णय है। -सुमित भारद्वाज, रामघाट रोड
प्रशासन ने इस पुल के निर्माण का प्रस्ताव भेजकर अच्छा निर्णय लिया है। काफी सालों से दोदपुर रोड पर जाम की समस्या रहती थी। अब पुल बनने से लोगों को राहत मिलेगी। कुछ मिनट में ही रामघाट रोड से एएमयू सर्किल की तरफ पहुंचा जा सकेगा। -रमेश चन्द्र, शताब्दी नगर