विवाद खत्म, 25 हजार एलईडी से जगमग होंगी सड़कें, जानिए क्या था विवाद Aligarh news
भुगतान को लेकर नगर निगम और ईईएसएल कंपनी के बीच बना विवाद खत्म होता नजर आ रहा है। एक करोड़ रुपये का भुगतान हाेने पर कंपनी एलईडी की खेप भेजने को राजी हो गई है। 25 हजार एलईडी की आपूर्ति कंपनी कराएगी। ये एलईडी सड़क चौराहों पर लगाई जाएंगी।
अलीगढ़, जेएनएन । भुगतान को लेकर नगर निगम और ईईएसएल कंपनी के बीच बना विवाद खत्म होता नजर आ रहा है। एक करोड़ रुपये का भुगतान हाेने पर कंपनी एलईडी की खेप भेजने को राजी हो गई है। 25 हजार एलईडी की आपूर्ति कंपनी कराएगी। ये एलईडी सड़क, चौराहों पर लगाई जाएंगी। खराब एलईडी भी बदली जा सकेंगी। हालांकि, ये खेप महाशिवरात्रि पर ही आनी थी। निगम अधिकारियों ने तब दावे भी किए थे, लेकिन ऐन वक्त पर बात बिगड़ गई। अफसरों कहना है कि कंपनी से ठेका वापस ले लिया। जबकि, बताया ये जा रहा है कि भुगतान न होने पर कंपनी ने आपूर्ति करने से मना कर दिया था। वजह जो भी रही हो, अब एलईडी की आपूर्ति होने के ठोस दावे किए गए हैं।
भाजपा पार्षद दल के साथ निगम अधिकारियों की बैठक
इस संबंध में भाजपा पार्षद दल के साथ निगम अधिकारियों की बैठक भी हुई थी। मुख्य सचेतक दिनेश गुप्ता ने बताया कि बैठक में सहायक नगर आयुक्त राजबहादुर सिंह, अधिशासी अभियंता मनोज लांबा और ईईएसएल कंपनी के प्रतिनिधि भी मौजूद थे। सभी वार्डों में एलईडी लगाने का आश्वासन दिया गया। बैठक में पार्षद वीरेंद्र सिंह, कुलदीप पांडेय, लतेश चौधरी, मुन्नालाल कश्यप भी मौजूद रहे।