दुल्हन के भाई से भिड़ गया दूल्हा, बैंरग लौटी बरात
शादी से पहले दुल्हन हाथों में मेहंदी रचाकर अपने होने वाले पति के बारे में कितने सपने देखती है लेकिन समस्तपुर कोटा में एक दुल्हन के सपने कुछ ही देर में टूट कर चकनाचूर हो गए।
अलीगढ़ : शादी से पहले दुल्हन हाथों में मेहंदी रचाकर अपने होने वाले पति के बारे में कितने सपने देखती है, लेकिन समस्तपुर कोटा में एक दुल्हन के सपने कुछ ही देर में टूट कर चकनाचूर हो गए। जय माला के बाद खाने को लेकर अपने जीजा से झगड़ा होने पर दूल्हा इतना बिगड़ गया कि दुल्हन के भाई से भिड़ गया। दूल्हा और दुल्हन के भाई में कहासुनी के बाद लात-घूंसे चले गए।
बात यहां तक जा पहुंची कि बिना दुल्हन के ही बरात को लौटना पड़ गया। 70 हजार रुपये दावत का खर्च भी बेटी वाले को देना पड़ गया।
समस्तपुर कोटा में मंगलवार को एक युवती की शादी थी। बरात खुर्जा देहात के गांव कोठी का नगला से आई थी। धूमधाम से बरात चढ़ी, दरवाजा हुआ। रात करीब 1:30 बजे जैसे ही वर वधू के जयमाला का टाइम आया कि दूल्हे का बहनोई खाने को देखकर नाराज हो गया। कहा, ऐसा खाना तो जानवर भी नहीं खा सकते, जो दुल्हन के भाई को बर्दाश्त नहीं हुई। उसकी दूल्हा के बहनोई से कहासुनी होती कि बीच में दूल्हा कूद गया। दूल्हा और दुल्हन के भाई में कहासुनी के बाद लात-घूंसे चले गए। कन्या पक्ष से किसी ने मामले की सूचना 112 नंबर पर पुलिस कंट्रोल रूम को दे दी, जिस पर पीआरवी पुलिस दूल्हा, उसके बहनोई व दुल्हन के भाई को थाने ले आई। झगड़े के बाद काफी बराती तो अपने घरों को बैरंग लौट गए। कुछ अन्य ग्रामीण व दूल्हा पक्ष के लोग बुधवार को थाने पहुंच गए, जहां दूल्हा-दुल्हन की भांवरें डालने के लिए लड़की के भाई को मनाते रहे लेकिन वह राजी नहीं हुआ। अंत में दूल्हा पक्ष को दावत में खर्च हुए 70 हजार रुपये दुल्हन पक्ष को देकर बिना दुल्हन वापस बैरंग लौटना पड़ा। मामले की आसपास के क्षेत्र में चर्चा है।