-लव जेहाद पर सारसौल में गरमाया माहौल
जागरण संवाददाता, अलीगढ़ : लव जेहाद के नाम पर दो किशोरियों पर धर्म परिवर्तन कर निकाह करने
जागरण संवाददाता, अलीगढ़ : लव जेहाद के नाम पर दो किशोरियों पर धर्म परिवर्तन कर निकाह करने का दबाव बनाने को लेकर रविवार को सारसौल क्षेत्र का माहौल गरमा गया। मामला दो समुदायों से जुड़ा था। इस संबंध में पुलिस ने तीन युवकों व एक महिला सहित चार के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
घटना थाना बन्नादेवी क्षेत्र स्थित सारसौल इलाके के मोहन नगर की है। यहां रहने वाले एक परिवार के मुखिया की कई साल पहले मौत हो गई। इनकी पांच बेटियां हैं। इनके ही मकान में एक अन्य परिवार किराए पर रहता था, जो कि एक सप्ताह से पड़ोस के एक अन्य मकान में रहने लगा है। मकान स्वामी की तीसरे नंबर की बेटी व किराएदार की सबसे बड़ी बेटी सहेली हैं। दोनों को रास्ते में रोककर पड़ोस की नई आबादी में रहने वाले मुस्लिम समुदाय का एक युवक परेशान करने लगा। जब कोई बात नहीं बनी तो उसने पड़ोस की अपनी ही बिरादरी की एक महिला का सहारा लिया। करीब एक साल पहले महिला ने दोनों किशोरियों को अपने झांसे में ले लिया। आरोप है कि दोनों को उसने निकाह करने के बदले एक मोटी रकम दिलाने व ऐश और आराम की जिंदगी जीने का ख्वाब दिखाकर युवक से मिलवाया। फिर अपने मोबाइल से दोनों किशोरियों की युवक से बात कराना शुरू कर दिया। इस बीच युवक इन दोनों से पहले धर्म परिवर्तन करने व निकाह करने का दबाव बनाने लगा। दोनों युवक की धमकियों से डर गई और घर से निकलना बंद कर दिया। किसी तरह युवक ने उनका मोबाइल नंबर ले कर धमकियां देना शुरू कर दिया। किशोरियों ने उसकी बात न मानीं तो वह शनिवार की शाम उनके घर दो अन्य साथियों को लेकर आ गया। दोनों युवतियां एक साथ थीं। आरोप है कि उसने किशोरियों से छेड़छाड़ की और धर्म परिवर्तन कर निकाह को धमकाया। परिजन भय से चुप रहे। रविवार को इसकी जानकारी भाजपा नेत्री रीता राजपूत को हुई तो वह दोनों किशोरियों को लेकर थाने पहुंच गईं। पुलिस ने पीड़ित एक किशोरी की मां की तहरीर पर आश मोहम्मद उर्फ आशू, नसीम बेगम, आमिर आदि के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। इंस्पेक्टर जितेंद्र सिंह दीखित ने बताया कि मामले में जांच की जा रही है। आरोपी को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।