खूनी पुलिया पर टेंपो पलटा, गर्भवती महिला सहित पांच लोग घायल Aligarh news
गोपी मार्ग पर स्थित सुहावली रजबहा बंबा पर खूनी पुलिया का नाम ले चुकी इस पुलिया पर शनिवार की देरशाम टेंपो पलट गया जिसमें सवार तीन महिलाओं सहित पांच लोग घायल हो गए।
अलीगढ़ [जेएनएन] गोपी मार्ग पर स्थित सुहावली रजबहा बंबा पर खूनी पुलिया का नाम ले चुकी इस पुलिया पर शनिवार की देरशाम टेंपो पलट गया, जिसमें सवार तीन महिलाओं सहित पांच लोग घायल हो गए, जिसमें एक गर्भवती महिला की हालत गंभीर बताई गई है। परिजनों ने तत्काल इलाज के लिए अलीगढ़ भर्ती किया है। यहां छह माह में 26 एक्सीडेंट हो चुके हैं।
जा रहे थे घर
गोपी विजयगढ़ मार्ग पर टेंपो चलते हैं। शनिवार शाम को ओम प्रकाश निवासी ग्राम बिस्तौली, सरिता पिंकी एवं रेनू निवासी भिनौली किसी कार्य से कस्बा विजयगढ़ आए आए थे। शाम को बाजार से काम निपटा कर टेंपो से अपने-अपने गांव जा रहे थे। जैसे ही टेंपो हादसे के लिए मशहूर खूनी पुलिया पर पहुंचा तो पलट गया, जिसमें बैठी सवारी टेंपो के नीचे दब गईं। चीख-पुकार की आवाज सुनकर खेतों में काम करने वाले लोग व राहगीरों ने सवारियोंं को टेंपो से बाहर निकाला, जिनमें गर्भवती महिला रेनू गंभीर रूप से घायल हो गई। अन्य सवारी भी बुरी तरह चोटिल हो गईं। इन सभी को अलीगढ़ के लिए भेजा गया। संबंधित विभाग ने टूटे हुए पुल के बराबर में ढोल डालकर अस्थाई व्यवस्था कर दी थी। इसकी मिट्टी में काफी गहरे गड्ढे हो गए हैं। इसलिए वाहन चालकों को खतरा ही बना रहता है। इसी पुलिया पर शुक्रवार को बाइक सवार तीन लोग गिर गए थे, जिनमें उदय सिंह की मौत हो गई थी। दो का मेडिकल में इलाज चल रहा है।
छह माह में 26 एक्सीडेंट
करीब छह माह पहले जून में यह पुलिया टूटी थी। तब से अब तक यहां 26 एक्सीडेंट हो चुके हैं। क्षेत्र के लोग कई बार विभागीय अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों से पुलिया के निर्माण की गुहार लगा चुके हैं, लेकिन अभी तक किसी के कानों पर जंू नहीं रेंगी है। यहां शुक्रवार की रात हुए हादसे में मरने वाला अपने परिवार के इकलौता पेट पालने वाला था। साथ ही यहां हुए हादसों में कई घायल ऐसे हैं, जो जिंदगीभर के लिए यह दंश झेलते रहेंगे।
हाईवे पर हादसों में सात घायल
संसू, गभाना : हाईवे पर रविवार को हुए हादसों में सात लोग घायल हो गए। दोपहर में दंपती बाइक से खुर्जा की तरफ से अलीगढ़ तरफ जा रहे थे। जैसे ही वह हाईवे एस्सार पेट्रोल पंप के पास पहुंचे तभी सामने से गलत दिशा में आ रही बाइक ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में पति-पत्नी के गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं दूसरी बाइक सवार कुंवरपाल व प्रवीन निवासी रूदरी शाहपुर अरनियां भी घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस से मेडिकल भिजवाया। हाईवे भूपाल नगलिया के पास बाइक फिसलने से मां-बेटा समेत तीन लोग घायल हो गए। खुर्जा देहात के आवदा नगर निवासी आशिफ रविवार की शाम को अपनी मां चमन व बहन आसिफा के साथ बाइक से अलीगढ़ से खुर्जा लौट रहा था। जैसे ही वह हाईवे भूपाल नगलिया के पास पहुंचे तभी अचानक से सड़क पर आए कुत्ते को बचाने के प्रयास में बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई। हादसे में बाइक सवार तीनों घायल हो गए। सूचना पर पहुंची टोल प्लाजा की एंबुलेंस ने घायलों को कस्बे के निजी अस्पताल में भर्ती कराया है।
हादसे के नौ माह बाद अधेड़ की मौत
नायल के निकट नौ माह पूर्व एक्सीडेंट में घायल बिलखौरा निवासी 50 वर्षीय व्यक्ति की रविवार की सुबह उपचार के दौरान मौत हो गई। बिलखौरा निवासी मुन्ना 6 मार्च को बाइक द्वारा गांव लौटते समय नायल गांव के सामने कैंटर की चपेट में आकर घायल हुए थे। उक्त मामले में गांव निवासी योगेंद्र ने कैंटर चालक के खिलाफ रिपोर्ट लिखाई थी। रविवार की सुबह गांव में उनकी मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है।