प्रेरणा एप के विरोध में अलीगढ़ में शिक्षकों ने निकाला पथ संचलन, किया प्रदर्शन aligarh news
शिक्षक प्रेरणा एप का शुरू से ही विरोध कर रहे हैं। आज भी सड़क पर प्रदर्शन किया।
अलीगढ़ (जेएनएन)। प्रेरणा एप का विरोध अलीगढ़ व हाथरस जिले में बढ़ता जा रहा है। शिक्षक नहीं चाहते कि यह एप विभाग लागू करे। इससे शिक्षकों को परेशान करने की शंका बनी हुई है। इसके लिए कई बार शिक्षक प्रदर्शन कर चुके हैं। विभाग के अधिकारियों का कहना है कि एप लागू किया गया है। एेसा सरकार के निर्देश पर किया जा रहा है। इससे शिक्षा व्यवस्था में सुधार आएगा।
निकाला पथ संचलन
प्रेरणा एप के विरोध में सोमवार को शिक्षकों ने पथ संचालन व तिरंगा यात्रा निकाली। इसमें एप के विरोध में नारे बाजी की गई। पथ संचलन व तिरंगा यात्रा उत्तरप्रदेशीय जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ के बैनर तले निकाली गई। इसके बाद प्रदशर्न किया गया।
नुमाइश मैदान में हुए एकत्रित
संघ जिलाध्यक्ष डॉ. प्रशांत शर्मा ने बताया कि, सुबह 11.30 बजे नुमाइश मैदान से सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं एकत्रित हुए। यहां से तिरंगा यात्रा निकाली गई। बीएसए दफ्तर तक पैदल तिरंगा यात्रा निकाली गई। शिक्षकों की समस्याओं से संबंधित व प्रेरणा एप के विरोध में मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन बीएसए को सौंपा गया। उन्होंने कहा कि शिक्षक-शिक्षिकाएं इसी तरह अपने मुख्य कार्य यानी शिक्षण को छोड़कर धरना-प्रदर्शन में लगे रहेंगे तो पढ़ाई कौन कराएगा? सरकार को ये बात समझ में नहीं आ रही।
स्कूलों में पढ़ाई प्रभावित
शिक्षकों के आंदोलन के चलते स्कूलों में पढ़ाई प्रभावित हो रही है। आज भी शिक्षक प्रदर्शन कर रहे थे और स्कूल में बच्चे शिक्षकों का इंतजार कर रहे थे।
डाक कर्मियों ने भी किया प्रदर्शन
मुख्य डाकघर पर कर्मचारियों ने विभिन्न मांगों के समर्थन में प्रदर्शन किया। इसके चलते डाकघर का काम बंद रहा।