झांकी कलाकार की चाकुओं से गोदकर हत्या, घर के पास मिला शव Aligarh News
शिवपुरी में देवी जागरण आदि भक्ति कार्यक्रमों में झांकी सजाने का कार्य करने वाले युवक की शुक्रवार की रात चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी गई।
अलीगढ़ (जेएनएन)। थाना बन्नादेवी क्षेत्र के शिवपुरी में देवी जागरण आदि भक्ति कार्यक्रमों में झांकी सजाने का कार्य करने वाले युवक की शुक्रवार की रात चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी गई। शव घर से ही चंद कदम की दूरी पर रक्तरंजित अवस्था मे पड़ा हुआ मिला।
घूमने के लिए निकला था नीशू
शिवपुरी निवासी निशू (22) पुत्र स्व. शक्तिसिंह देवी जागरण आदि धार्मिक कार्यक्रमों में विभिन्न झांकियां सजाने का काम करता था। मां कुसुम के अनुसार नीशू.के पिता की करीब पांच वर्ष पूर्व मृत्यु हो चुकी है। नीशू शाम सात बजे घर से घूम कर आने की बात कहकर निकला था। देर रात तक नहीं मिला तो फोन मिलाया वह भी फोन बंद मिला। काफी तलाशने पर भी उसका कोई पता नहीं चला।
घर के पास मिला शव
शनिवार सुबह घर से बमुश्किल 100 कदम दूरी पर स्थित मस्जिद वाली गली में नीशू का शव पड़ा मिला। हत्यारों ने उसकी बेरहमी से चाकू घोंप कर हत्या कर दी थी। सूचना पर इलाका पुलिस पहुंच गई और घटना की जानकारी ली। मां कुसुम का रो रो कर बुरा हाल है। मां का कहना है कि उनकी किसी से कोई रंजिश नहीं थी। सीओ बन्नादेवी प्रशांत सिंह ने बताया मामले में कई पहलुओं पर जांच की जा रही है, जल्द ही हत्यारों को पकड़कर घटना का राजफाश किया जाएगा।