Move to Jagran APP

AMU छात्र नेता का विवादित बयानः तिरंगा रैली निकालने वालों पर कार्रवाई न हुई तो जलाएंगे भगवा झंडा

कैंपस में बिना अनुमति के तिरंगा रैली निकालने वाले छात्रों पर इंतजामिया ने कार्रवाई नहीं की तो 20 फरवरी को यूनिवर्सिटी सर्किल पर भगवा झंडा जलाया जाएगा।

By Mukesh ChaturvediEdited By: Published: Fri, 25 Jan 2019 11:57 PM (IST)Updated: Sun, 27 Jan 2019 09:07 AM (IST)
AMU छात्र नेता का विवादित बयानः तिरंगा रैली निकालने वालों पर कार्रवाई न हुई तो जलाएंगे भगवा झंडा
AMU छात्र नेता का विवादित बयानः तिरंगा रैली निकालने वालों पर कार्रवाई न हुई तो जलाएंगे भगवा झंडा

अलीगढ़ (जेएनएन)।  एएमयू छात्र संघ के पूर्व उपाध्यक्ष नदीम अंसारी ने बड़ा विवादित बयान दिया है। उन्होंने एलान किया है कि कैंपस में बिना अनुमति के तिरंगा रैली निकालने वाले छात्रों पर इंतजामिया ने कार्रवाई नहीं की तो 20 फरवरी को यूनिवर्सिटी सर्किल पर भगवा झंडा जलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि तिरंगा यात्रा के नाम पर कैंपस का माहौल खराब करने की कोशिश की गई है। अगर ऐसा ही आयोजन करना था तो 26 जनवरी को करते। हम भी शामिल होते। छात्रों ने तो धैर्य से काम लिया, अन्यथा कोई भी घटना हो सकती थी। राजनेता हिंदू -मुस्लिम के नाम पर राजनीति न करें।

loksabha election banner

यह था मामला

अलीगढ़ मेंं बरौली से भाजपा विधायक ठा. दलवीर सिंह के नाती एएमयू छात्र नेता अजय सिंह की अगुवाई में 22 जनवरी को कैंपस में बाइकों पर तिरंगा रैली निकाली गई थी। भारत माता की जय, वंदे मातरम जैसे नारे भी लगाए। प्रॉक्टर प्रो. एम मोहसिन खान ने अजय सिंह समेत आठ छात्रों को बिना अनुमति के मार्च निकालने पर कारण बताओ नोटिस जारी किया है।

इस्तीफा देकर मुस्लिमों की राजनीति करें वीसी : सांसद

भाजपा सांसद सतीश गौतम ने एएमयू में छात्रों द्वारा तिरंगा रैली निकालने पर इंतजामिया द्वारा दिए नोटिस की निंदा की है। साथ ही उन्होंने मानव संसाधन विकास मंत्री प्रकाश जावड़ेकर को पत्र लिखकर एएमयू से स्पष्टीकरण मांगने का अनुरोध किया है।  कहा, तिरंगा रैली निकालना अपराध नहीं है। एएमयू से  पूछा जाए कि किस मानकिसता से छात्रों को नोटिस दिया गया है।  एएमयू में बिना अनुमति के अफजल गुरु के लिए नवाज-ए-जनाजा होती है, मन्ना वानी के समर्थन में छात्र सभा करते हैं तब तो नोटिस नहीं दिए जाते। प्रॉक्टर को ये मानसिकता बदलनी होगी। कुलपति को अगर मुस्लिमों की राजनीति करनी है तो पहले वह पद से इस्तीफा दें। मैं पूरी तरह छात्रों के साथ हूं।  प्रॉक्टर को छात्रों से माफी मांगने के साथ नोटिस वापस लेने चाहिए।

इसलिए जारी किए गए नोटिस : एएमयू

एएमयू ने रैली निकालने वाले छात्रों को कारण बताओ नोटिस जारी करने का कारण स्पष्ट किया है। बताया कि जुलूस बिना अनुमति के निकाला गया। जुलूस के मार्ग में अन्य छात्रों की पढ़ाई में बाधा उत्पन्न हुई। अवैध जुलूस का आयोजन एक ऐसे समय में किया गया, जब विवि विभिन्न विभागों में कक्षाएं चल रही थीं। एएमयू में गणतंत्र दिवस के उपलक्ष में सप्ताह भर का समारोह आयोजित किया जा रहा है। इसके तहत छात्र-छात्राएं कार्यक्रमों के आयोजकों की अनुमति ले सकते हैं।  पूर्व में भी ऐसी गतिविधियों के लिए कारण बताओ नोटिस जारी किए जा चुके हैं।

आखिरी सांस तक लहराऊंगा तिरंगा: अजय

एएमयू कैंपस में तिरंगा रैली निकाल कर चर्चाओं में आए छात्र नेता अजय सिंह ने इंतजामिया पर फिर सवाल उठाए हैं।  कहा है कि यूनिवर्सिटी पर सवाल हमारे तिरंगा  यात्रा निकालने पर नहीं उठे। सवाल तब उठे जब कोई मन्नान वानी किताब छोड़कर हथियार उठा लेता है। सवाल तब उठते हैं  जब आतंकी की नमाज-ए-जनाजा की कोशिश की जाती है। नोएडा के पार्क में नमाज की अनुमति न देने के विरोध में छात्र सड़क पर आ जाते हैं। हमसे तिरंगा  लहराने की परमीशन की बात की जा रही है। सेना के खिलाफ कैंपस में मार्च निकाला गया, क्या प्रॉक्टर ने उन्हें अनुमति दी थी। अगर तिरंगा लहराना जुर्म है तो आखिरी सांस रहने तक ये जुर्म करता रहूंगा। तिरंगे की शान के लिए हजारों डिग्रियां कुर्बान हैं। यह भी कहा कि एएमयू प्रशासन साफ करे कि वह किस पार्टी के इशारे पर काम कर रहा है।

छात्रों को दी गई फेल करने की धमकी

भाजपा के जिला प्रवक्ता डॉ. निशित शर्मा ने हादी हसन होल में छात्र के साथ हुई मारपीट पर कहा है कि मेरे पास होस्टल से छात्रों का फोन आया था कि हमें भीड़ ने मारा है। प्रोवोस्ट ने हमें पीटे जाने के बावजूद हॉस्टल में जबरन बंद कर रखा है। सस्पेंड करने व होस्टल से अलॉटमेंट खत्म करने की धमकी भी दी जा रही है। गयी । यह भी बताया कि हमलावर तिरंगा प्रकरण पर भी टिप्पणी कर रहे हैं। रात एक बजे मैंने एसपी सिटी को फोन किया था। थाने में रात को ही सभी की सहमति से तहरीर दी गई। आरोप लगाया कि प्रॉक्टर व प्रोवोस्ट ने छात्रों पर दबाव बनाया।  परीक्षा  फेल कर तक की धमकी दी। इसके चलते ही छात्र ने तहरीर वापस ली और कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसकी शिकायत केंद्र सरकार से की जाएगी।

हिंदू संगठनों के नेताओं ने दी चेतावनी 

एएमयू छात्रनेता अजय सिंह द्वारा एएमयू परिसर से तिरंगा यात्रा निकाले जाने पर एएमयू प्रशासन की कार्रवाई को लेकर ङ्क्षहदूवादी संगठनों में गुस्सा बढ़ता जा रहा है। हिंदूवादी नेताओं का कहना है कि एएमयू हिंदुस्तान में ही है. पाकिस्तान में नहीं।  हम फिर डंके की चोट पर तिरंगा यात्रा जल्द निकालेंगे। बजरंग दल के महानगर संयोजक गौरव शर्मा ने कहा कि एएमयू में आतंकी के मारे जाने पर आंसू बहाए जाते हैं।  छात्र आतंकी के पक्ष में खड़े होते हैं, तिरंगा झंडा निकाला जाता है तो एएमयू इंतजामिया छात्रों को नोटिस देता है। हम अपने देश में कहीं भी तिरंगा फहरा सकते हैं, हमें कोई रोक नहीं सकता है।

तिरंगा का विरोध करने वाले देश छोड़ जाएं

अखंड हिंदू भारत सेना के अध्यक्ष दीपक शर्मा आजाद ने कहा कि तिरंगा यात्रा का विरोध करने वाले अलीगढ़ छोड़कर चले जाएं। हम अपनी जमीन पर यह यात्रा निकाल रहे हैं, हमें कोई नहीं रोक सकता है। हम दोबारा फिर यह यात्रा निकालेंगे। हिम्मत हो तो रोककर दिखाना। शिवसेना के युवा जिला प्रमुख अमित सोनी ने कहा कि तिरंगा लेकर ही देश के जवान आजादी की लड़ाई में कूद पड़े थे। आज उसी तिरंगे को लेकर विवाद उत्पन्न किया जा रहा है। हम कहीं भी तिरंगा निकाल सकते हैं, हमें कोई रोक नहीं सकता है।

तुच्छ मानसिकता को छोड़ें सांसद : बिजेंद्र

पूर्व सांसद चौ. बिजेंद्र सिंह ने सांसद सतीश गौतम के बयान पर कहा है कि वह एएमयू को राजनीति का अखाड़ा बनाने की कोशिश न करें। तिरंगा यात्रा एक राजनैतिक षडयंत्र का हिस्सा हो सकती है, क्यों कि 26 जनवरी पर अगर तिरंगा यात्रा नकाली गई होती तो शांति, सदभाव और राष्ट्र का सम्मान होता। सांसद और भाजपा नेताओं को तुच्छ मानसिकता को छोड़ देना चाहिए। झंडे की यात्रा की आड़ में राजनैतिक रोटियां सेकना बंद करें अन्यथा कांग्रेस मुंहतोड़ जबाब देगी।

यह भी बोले

छात्र नेता मोहम्मद आरिफ खान ने कहा कि देश भक्ति के नाम पर विवाद खड़ा करने वालों को उन बच्चों पर काम करना चाहिए जो सड़क पर घूमते हैं। जबकि छात्र नेता सोनवीर सिंह ने कुलपति को पत्र लिखकर मांग की है कि गणतंत्र दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में वंदे मातरम गायन को शामिल किया जाए। यह राष्ट्रीय अस्मिता, एकता व अखंडता का प्रतीक है।

युवा मोर्चा आज निकालेगा तिरंगा यात्रा

भारतीय जनता युवा मोर्चा के जिला के कार्यकर्ता शनिवार को तिरंगा यात्रा निकालेंगे। जिलाध्यक्ष मुकेश सिंह ने बताया कि वीर शहीदों की याद में यह तिरंगा यात्रा निकाली जा रही है। बूथ स्तर से कार्यकर्ता इस यात्रा में भाग लेंगे। मीडिया प्रभारी प्रतीक चौहान ने बताया कि दोपहर 11 बजे घंटाघर से तिरंगा यात्रा प्रारंभ होगी। इस मौके पर अवध सिंह, गौरव चौहान, मनोज ठाकुर, संदीप सिंह, सुमित माहेश्वरी, नीरज मित्तल, पूजा शर्मा, सूर्या सिंह आदि मौजूद थे।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.