अलीगढ़ के सराय मियां में पथराव और फायरिग
वाल्मीकि व माहौर समाज आए आमने-सामने वजह स्पष्ट नहीं तीन घायल।
जासं, अलीगढ़ : देहलीगेट क्षेत्र के सराय मियां में शनिवार रात वाल्मीकि व माहौर के समाज के लोग आमने-सामने आ गए। मारपीट के बाद पथराव हो गया। दोनों पक्षों से तीन लोग घायल हो गए। आरोप है कि दोनों ओर से फायरिग भी हुई। गनीमत रही कि गोली किसी को लगी नहीं। विवाद का कारण तो स्पष्ट नहीं हो सका, लेकिन दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर आरोप मढ़े हैं।
देहलीगेट क्षेत्र के सराय मियां में वाल्मीकि व माहौर समाज के लोग रहते हैं। घटना शनिवार रात करीब नौ बजे की है। वाल्मीकि समाज के लोगों के मुताबिक, नगर निगम का टेंपो गुजर रहा था। भाजपा के महावीरगंज मंडल के मंत्री व माहौर समाज के योगेश ने टेंपो को रोका और अलाव के लिए लकड़ी मांगी। टेंपो चालक के इंकार करने पर योगेश ने गाली-गलौज की। आरोप है ये भी है कि योगेश नशे में थे। दोनों में कहासुनी हुई। फिर मारपीट हुई। इसी बात पर दोनों समाज के लोग इकट्ठा हो गए। पथराव हुआ। इसमें प्रवेश के पैर में गंभीर चोट आई है। एक गर्भवती महिला भी घायल हुई हैं। आरोप है कि माहौर पक्ष के लोगों ने भी फायरिग की। इधर,भाजपा नेता योगेश माहौर ने पूरी कहानी को गलत बताया है। योगेश के मुताबिक, वाल्मीकि समाज के क्वार्टरों में लोग खुलेआम शराब पीते, जिससे इलाके का माहौल खराब होता है। शनिवार रात वह अपने दोस्त के साथ ढकेल पर अंडे लेने गए थे। यहां वाल्मीकि समाज के लोग नशे में थे। जैसे ही वह वहां से निकलने लगे तो वाल्मीकि समाज के लोगों ने गाली-गलौज की। फिर 20-25 लोगों ने घर पर आकर मारपीट की। फायरिग की। इसमें वह घायल हो गए। योगेश नशे में होने के आरोपों को बेबुनियाद बताया है। इधर, सूचना पर देहलीगेट थाना प्रभारी आशीष कुमार पुलिस के साथ पहुंचे और हालात काबू में किए। सीओ प्रथम सुदेश गुप्ता ने बताया कि वजह स्पष्ट नहीं है। प्राथमिक जांच में पता चला है कि लकड़ी देने से इंकार करने पर दोनों पक्षों में मारपीट हुई है। फायरिग नहीं हुई। फिलहाल पुलिस तैनात है। तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।