शहर के सेंटर प्वॉइंट से स्टेट बैंक रोड पर चर्च कंपाउंड के निकट बुरा हाल Aligarh news
एक ओर सरकार पानी बचाने के लिए जल शक्ति अभियान चला रही है। वहीं नकारा अफसर दिन-रात पानी बर्बाद कर रहे हैं।
अलीगढ़ [जेएनएन] एक ओर सरकार पानी बचाने के लिए जल शक्ति अभियान चला रही है। वहीं नकारा अफसर दिन-रात पानी बर्बाद कर रहे हैं। इसी तरह का हाल है सेंटर प्वॉइंट से स्टेट बैंक रोड पर चर्च कंपाउंड स्थित पानी की टंकी का। दिन रात यह टंकी चलती रहती है। इससे आसपास के क्षेत्र में जलभराव हो जाता है। लोगों के घरों में पानी घुस जाता है। घरों की दीवारें सीलन से बैठ रही हैं। कोई सुनने वाला नहीं है।स्थानीय निवासी कमलेश मैसी का कहना है कि दिन रात पानी बहने से हमारे घरों में सीलन आ गई है। घरों के बाहर पानी के भर जाने आने जाने में भी परेशानी होती है। साथ ही स्थानीय निवासी रानी ने बताया कि टंकी भर जाने के बाद भी ऑपरेटर उसे बंद नहीं करता है। पूरी रात पानी बहता है। टंकी जर्जर हो चुकी है। लेकिन, कोई ध्यान नहीं है। एक और स्थानीय निवासी डॉली ने बताया कि टंकी से दिन रात पानी रिसता है। इससे आसपास के क्षेत्रों में नमी रहती है। जल्द हालात न सुधरे तो टंकी गिरने का खतरा भी बढ़ जाएगा।
चर्च कंपाउंड की टंकी की हालत जर्जर है
चर्च कंपाउंड में एक टंकी बनी हुई है। इससे आसपास के घरों में पानी की आपूर्ति होती है। लेकिन, अब टंकी की हालात जर्जर है। देखरेख भी नहीं हो पा रही। ऑपरेटर न तो समय से संचालन करता और न बंद करता है। पूरे दिन रात पानी बहता रहता है। इससे जलभराव होने से लोगों के घरों में सीलन आ गई है। अधिक समय तक टंकी चलने से घरों में भी पानी घुस जाता है। कई बार इस समस्या की शिकायत की है। लेकिन, नगर निगम व रेलवे के अफसर जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ देते हैं। ऑपरेटर से भी कई बार शिकायत की है। इसके बाद भी पानी ओवरफ्लो होता है। पाइप लाइन भी जर्जर हो चुकी हैं। इससे लोगों का जीवन नारकीय हो गया है।