Hathras case : जेल गए आरोपितों के समर्थन में वक्ता बोले, आखिर नार्को टेस्ट से क्यों इंकार कर रहा परिवार , प्रशासन बेचैन
पूर्व विधायक राजवीर सिंह पहलवान की अगुवाई में रविवार को अलीगढ़ रोड स्थित वीर हाउस पर सर्वसमाज बैठक हुई। बैठक को लेकर बेशक प्रशासन में बैचेनी रही। बैठक में चारों आरोपितों को निर्दोष बताते हुए सीबीआइ जांच के निर्णय को सही बताया हैं।
हाथरस जेएनएन : पूर्व विधायक राजवीर सिंह पहलवान की अगुवाई में रविवार को अलीगढ़ रोड स्थित वीर हाउस पर सर्वसमाज बैठक हुई। बैठक को लेकर बेशक प्रशासन में बैचेनी रही। बैठक में चारों आरोपितों को निर्दोष बताते हुए सीबीआइ जांच के निर्णय को सही बताया हैं। साथ ही कहा कि सीबीआइ जांच से सत्य शीघ्र ही उजागर हो जाएगा। जांच के बाद जो भी दोषी होगा उसे अवश्य ही सजा मिलेगी।
सीबीआई जांच के फैसले का स्वागत
बूलगढ़ी प्रकरण में जेल गए चारों आरोपितों के समर्थन में अब सर्व समाज एकजुट हो रहा है। रविवार दोपहर को भाजपा के पूर्व विधायक के बसंतकुंज आवास पर सर्व समाज की महापंचायत हुई। एक स्वर सभी लोगों ने छेड़छाड़ जैसे मामले में जेल गये चारों आरोपितों को निर्दोष बताया। सीबीआई जांच के फैसले का स्वागत किया। रविवार को हुई पंचायत में कई बिरादरी के लोग एकत्रित रहे। संचालन की जिम्मेदारी संतराज सिंह को दी गई। पूर्व विधायक राजवीर सिंह पहलवान ने कहा कि 14 सितंबर को घटना के समय पीड़िता और उसकी मां ने थाना और जिला अस्पताल में घटना की सच्चाई के बारे में बताया। मगर कोतवाली चंदपा पुलिस ने उनके बयानों को नजर अंदाज कर दिया।
पुलिस ने दवाब में बढ़ाई धारा
पुलिस ने दबाव में आकर छेड़छाड़ जैसी धाराओं में चार आरोपितों को पकड़कर जेल भेज दिया। जबकि हकीकत कुछ और ही है, इसके बारे में पूरा जिला जानता है। अब दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा। उन्होंने कहा कि एसआईटी के अधिकारियों से बातचीत हो चुकी है। पूर्व विधायक के बेटे मनवीर सिंह ने कहा कि पुलिस ने जिन लोगों को जेल भेजा है वह निर्दोष है। मेडिकल रिपोर्ट में कोई छेड़छाड़ की पुष्टि नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि अब सीबीआई जांच के बाद न्याय मिलेगा।
मीडिया सीबीआई जांच का इंतजार करे
भाजपा नेता रामवीर सिंह भैयाजी ने कहा कि मीडिया को सीबीआई जांच का इंतजार करना चाहिये। लोगों को लगता है कि चारों दोषी नहीं है। हो सकता है कि पुलिस प्रशासन से गलती हुई हो। महा पंचायत में ब्लाक प्रमुख सुमन्त किशोर सिंह, हेम सिंह ठेनुआ, रत्नेश चटर्जी, देवेन्द्र शर्मा, रितुपरण सिंह राघव, अज्जू मियां,लक्ष्मी नारायण उपाध्याय,दिगम्बर सिंह सिसोदिया सहित तमाम लोग मौजूद रहे।