शेखाझील को गहरा करने की तैयारी, वाटर रीचार्ज के बाद सालभर रहेगा पानी; अलीगढ़ वालों के लिए है पिकनिक स्पॉट
शेखाझील को रामसर साइट में शामिल करने के बाद वन विभाग इसे गहरा करने की तैयारी में है, जिससे वर्षभर ...और पढ़ें

शेखाझील का खूबसूरत नजारा, गर्मियों में यह जगह राहत देती है।
जागरण संवाददाता, अलीगढ़। शेखाझील को रामसर साइट में शामिल कर लिया गया है। इससे यहां विकास व कायाकल्प के कार्यों को भी प्रमुखता से कराया जाएगा। इसके लिए शासन से बजट भी शीघ्र मिलने की राह खुल गई है। ऐसे में वन विभाग ने शेखाझील को गहरा करने की योजना बनाई है। इसका प्रस्ताव भी शासन को भेज दिया गया है।
झील के गहरी होने से इसमें वर्षभर पानी भरा रहेगा और वाटर रीचार्ज में भी सहायक होगा। इस झील में उत्पन्न होने वाली जलकुंभी को हटाने के लिए भी शासन से बजट की मांग की गई है। अक्टूबर 2025 में विभाग ने झील से जलकुंभी हटवाई थी।
शेखाझील को पिछले महीने ही रामसर साइट में शामिल करने संबंधी निर्णय लिया गया था। अलीगढ़ के धनीपुर ब्लाक में स्थापित शेखाझील लंबे समय से पक्षी प्रेमियों के लिए उत्कृष्ट पर्यटन स्थल में शामिल रहा है। इसमें अपर गंगनहर से पानी लाया जाता है। गर्मियों में पानी का स्तर कम होने के कारण झील सूख जाती थी। मगर अब इसकी गहराई बढ़ाने से इसमें वर्षभर पानी रहेगा।
इससे झील का आकर्षण भी नहीं खत्म होगा और जमीन के नीचे वाटर रीचार्ज भी बेहतर ढंग से होगा। वन क्षेत्राधिकारी अलीगढ़ गौरव कुमार सिंह ने बताया कि शेखाझील के शुरुआती हिस्से यानी किनारे पर अभी तीन से चार फीट की गहराई है।
बीच में जाने पर ये छह से सात फीट तक गहरी हो जाती है। अब खोदाई कराने के बाद किनारे पर झील पांच से छह फीट व बीच में 12 से 15 फीट तक गहरी हो जाएगी। इससे पानी भी रीचार्ज होगा और वर्षभर यहां पक्षियों का जमावड़ा बढ़ने की संभावना भी मजबूत होगी।
