अलीगढ़ में जर्जर सड़कों का रालोद चलाएगा सेल्फी अभियान, जनता को बताएगा हकीकत
रालोद प्रदेश की जर्जर सड़कों को लेकर हाईटेक अभियान छेडऩे जा रहा है। राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व पूर्व सांसद जयंत चौधरी ने जिलाध्यक्षों को अपने-अपने क्षेत्र की जर्जर सड़कों की सेल्फी भेजने को कहा है।
अलीगढ़ (जेएनएन)। रालोद प्रदेश की जर्जर सड़कों को लेकर हाईटेक अभियान छेडऩे जा रहा है। राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व पूर्व सांसद जयंत चौधरी ने जिलाध्यक्षों को अपने-अपने क्षेत्र की जर्जर सड़कों की सेल्फी भेजने को कहा है। इस डिजीटल अभियान से एकत्रित फोटो के जरिये सरकार पर सड़कों की मरम्मत के लिए दल का शीर्ष नेतृत्व दबाव बनाने का प्रयास करेगा।
सेल्फी से जयंत को देगा फीडबैक
दरअसल, रालोद ने किसानों के साथ आमजन से जुडऩे के लिए न्याय पंचायत स्तर पर पंचायत की, जहां जयंत चौधरी को जर्जर सड़कों का फीड बैक दिया गया। रालोद के जिलाध्यक्ष रामबहादुर चौधरी ने कहा कि शीघ्र ही जिले में जर्जर सड़कों को लेकर सेल्फी अभियान छेड़ा जाएगा। रालोद का यह पहला डिजीटल आंदोलन होगा। इस अभियान की सफलता के लिए जिलाध्यक्ष शनिवार को बैठक करने जा रहे हैं, ताकि विधानसभा बार जर्जर सड़कों की सेल्फी अभियान शुरू किया जा सके। इस सेल्फी को दल की सोशल मीडिया पर डाला जाएगा। डिजीटल अभियान की सीडी भी जयंत चौधरी को दी जाएगी, ताकि आंदोलन की सार्थकता के लिए सरकार पर दबाव बनाया जा सके।
रालोद ने की है धर्मनिरपेक्षता की राजनीति
यहां आए शोहराब ने मीडिया से बातचीत में कहा कि रालोद ने धर्मनिरपेक्षता की राजनीति की है। रालोद प्रमुख चौ. अजित सिंह ने भाईचारे को बढ़ाया। तबुस्सम बेगम का सांसद बनाना इसका प्रमाण है। उन्होंने कहा कि रालोद अब जनता की बीच जाकर लोगों को भाजपा सरकार की हकीकत बताएगा, ताकि जनता सब कुछ समझ जाए। इस मौके पर जिलाध्यक्ष रामबहादुर चौधरी, महानगर अध्यक्ष अब्दुल्ला शेरवानी, प्रदेश सचिव नीरज शर्मा आदि मौजूद थे।