अलीगढ़ के रामघाट रोड पर यूनीपोल खड़े करने में नियम ध्वस्त aligarh news
टेंडर की शर्तों के विपरीत जगह-जगह ये पोल लगा दिए गए हैं। रामघाट रोड पर तो इनकी संख्या अनुमति से अधिक है और साइज भी कहीं ज्यादा।
लोकेश शर्मा, अलीगढ़। शहर में खड़े यूनीपोल के आगे नगर निगम के बनाए नियम ध्वस्त हो रहे हैं। इसकी फिक्र न इन्हें लगाने वाली कंपनी को है और न ही विभागीय अफसर को। टेंडर की शर्तों के विपरीत जगह-जगह ये पोल लगा दिए गए हैं। रामघाट रोड पर तो इनकी संख्या अनुमति से अधिक है और साइज भी कहीं ज्यादा। हैरत की बात ये है कि सबकुछ जानते हुए भी जिम्मेदार अधिकारी कोई एक्शन नहीं ले रहे। सेंटर प्वॉइंट चौराहे पर अवैध रूप से लगा एक पोल हटवा कर विभाग शांत बैठ गया। आखिर अफसर किसके दबाव में हैं? शिकायतों पर भी संज्ञान नहीं लिया जा रहा।
आगरा की कंपनी को दिया ठेका
शहरी क्षेत्र में यूनीपोल लगाने का ठेका 66.67 लाख रुपये में आगरा की एक कंपनी को दिया गया है। टेंडर की निर्धारित शर्तों व स्थान पर 24 यूनीपोल लगने थे। साइज भी 20 फुट लंबाई व 10 फुट चौड़ाई तय थी, लेकिन इन शर्तों का पालन नहीं किया गया। निगम ने जो स्थान चिह्नित किए थे, उसमें सासनीगेट चौराहा, रूसा हॉस्पिटल, खेरेश्वर धाम, आगरा बाइपास, ईडन गार्डन के सामने, केके हॉस्पिटल के निकट, अतरौली बस अड्डा, गांधी आई हॉस्पिटल, आभा रीजेंसी, गांधीपार्क बस अड्डा, सूतमिल चौराहा आदि हैं।
आठ पोल लगने हैं
रामघाट रोड पर आठ पोल लगने थे, जबकि इससे अधिक लगे हुए हैं। एक तो मीनाक्षी पुल से उतरते ही है, जो स्थान सूची में ही नहीं है। सराय सुल्तानी पर भी पोल खड़ा है, ये स्थान भी सूची में नहीं है। ऐसे अन्य स्थान भी हैं, जो सूची में शामिल नहीं हैं वहां भी पोल खड़े हुए हैं। मुख्य कर अधिकारी विनय कुमार राय ने बताया कि रामघाट रोड पर अनुमति से अधिक और साइज में भिन्नता की शिकायत मिली है। जोनल अधिकारी अजीत राय से जांच करा रहे हैं। मानकों के अनुरूप न पाए जाने वाले सभी यूनीपोल हटवा दिए जाएंगे।