अलीगढ़ में लक्ष्य के आगे धुंधला गए नियम, यातायात माह में अब तक 30 लाख की हो चुकी है वसूली
यातायात माह में टै्रफिक नियमों का पालन कराने, वाहन चालकों को इसके प्रति जागरूक करने पर अफसरों का जोर रहता है, होना भी चाहिए।
अलीगढ़ (लोकेश शर्मा) । यातायात माह में टै्रफिक नियमों का पालन कराने, वाहन चालकों को इसके प्रति जागरूक करने पर अफसरों का जोर रहता है, होना भी चाहिए। इस माह का उद्देश्य भी यही है, मगर पुलिस नियमों का पालन कराने के बजाय लक्ष्य पूरा करने में जुटी हुई है। आमतौर पर टै्रफिक और सिविल पुलिस रूल्स ब्रेक करने वालों को अपनी जेब गरम करके छोड़ देती थी, अब दिन-रात चालान काटने में जुटी है। कोई न कोई कमी निकालकर चालान काट दिया जाता है, वाहनों को सीज करने की चेतावनी भी दी जा रही है। पिछले 15 दिन में वाहनों का चालान कर पुलिस 3,080250 रुपये शमन शुल्क वसूल चुकी है। 78 वाहन सीज भी किए हैैं। लक्ष्य पूर्ति के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। शहर में हर दिन करीब 125 चालान किए जा रहे हैं। एक से 15 नवंबर तक 1,916 वाहनों के चालान किए जा चुके हैं। मुख्यालय से इस माह विशेष चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश मिले थे। इनमें बगैर हेलमेट, ड्रिंक एंड ड्राइव, रेड सिग्नल जंप व बिना इंश्योरेंस के वाहन चलाने वाले शामिल हैं।
लक्ष्य तक पहुंचना चुनौती
जिला पुलिस को एक माह में एक करोड़ से अधिक रुपये वसूलने का लक्ष्य मिला हुआ है। 15 दिन में पुलिस 30 लाख 80 हजार ही वसूल सकी है, ऐसे में अगले 15 दिन में लक्ष्य पाना चुनौती होगी।
जबरन कार्रवाई
वसूली में पिछडऩे पर पुलिस अभियान में तेजी दिखा रही है। दारोगाओं को चालान बुक थमाकर चेकिंग कराई जा रही है। महीने की शुरुआत में वसूली कम हुई, मगर पिछले पांच दिन में ही पुलिस ने 16,68,050 रुपये वसूल लिए। कम समय में पहाड़ से दिख रहे टारगेट को पूरा करने के चक्कर में पुलिस जबर्दस्ती भी चालान कर रही है। एसपी ट्रैफिक अजीजुल हक का कहना है कि यातायात माह में पुलिस वाहन चालकों का जागरूक कर रही है। नियमों के उल्लंघन करने पर चालान भी हो रहे हैं। बीते वर्ष 1.10 करोड़ का टारगेट था, इस बार इससे अधिक है।
15 दिन में हुई वसूली
तारीख, शमन शुल्क, सीज
01 नवंबर, 68,700, 85, -
02 नवंबर, 1,63,600, 138, दो
03 नवंबर, 1,82,600, 122, -
04 नवंबर, 2,74,900, 147, दो
05 नवंबर, 2,74,000, 189, एक
06 नवंबर, 1,56,700, 124, एक
07 नवंबर, 52,500, 40, तीन
08 नवंबर, 1,22,900, 108, दो
09 नवंबर, 99,800, 61, एक
10 नवंबर, 16,500, 68, आठ
11 नवंबर, 2,79,400, 101, 10
12 नवंबर, 2,17,900, 139, पांच
13 नवंबर, 3,27,700, 165, 17
14 नवंबर, 4,81,150, 228, 17
15 नवंबर, 3,61,900, 201, आठ