अलीगढ़, मनोज जादोन। अगर आपने बकाया आयकर जमा नहीं किया है, तो जल्द जमा कर दें। आयकर विभाग के नोटिसों को गंभीरता से लें। शहर के बड़े बकायदारों की प्रधान आयकर आयुक्त कार्यालय ने सूची तैयार की है। लंबित डिमांड वाले 100 करदाताओं को नोटिस भी जारी किए गए हैं। उन्हें चेतावनी दी गई है कि लंबित बकाया कर जमा नहीं किया तो बैंक खाते सीज किए जाएंगे। बैंक की फिक्स डिपोजिट (एफडी) जब्त की जाएंगी। विभाग के पोर्टल पर फिर भी डिमांड खड़ी रही तो प्रापर्टी कब्जे में ली जाएगी।
वसूली में सीए की मदद
लंबित कर वसूली पर केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड का जोर है। दो दिन बाद तिमाही क्वार्टर का अंतिम महीना शुरू हो जाएगा। सूत्रों ने बताया है कि लोगों पर 200 करोड़ रुपये आयकर बकाया चल रहा है। जिन करदाताओं ने ये कर जमा नहीं किया है, उनकी सूची पोर्टल पर डालकर संबंधित वार्ड के आयकर अधिकारियों को वसूली के निर्देश दिए गए हैं। आयकर अधिकारियों ने अपने कर निरीक्षकों को मैदान में उतार दिया है। वसूली के काम में सीए की मदद ली जा रही है।
दस लाख से दो करोड़ तक का आयकर बकाया
हैरानी की बात ये भी है कि लंबित डिमांड वाले करदाता खोजे भी नहीं मिल रहे हैं। उनके पैन नंबर में जो पता हैं, वे उस स्थान पर नहीं रह रहे हैं। विभाग ने तीन चरण में कार्रवाई करने की योजना बनाई हैं। सभी प्रक्रियाओं को नजरंदाज करने वाले बकायेदार कर दाताओं के बैंक खाते सीज किए जाएंगे। जिनके खातों में पैसा नहीं होगा। उनके रिफंड से वसूली की प्रक्रिया होगी। फिर भी टैक्स का पैसा नहीं वसूला गया तो उनकी प्रापर्टी कब्जे में ली जाएगी। इन बकायेदार करदाताओं पर जुर्माना व ब्याज लगाकर 10 लाख से दो करोड़ रुपये तक आयकर बकाया है।
लंबित कर वसूली को लेकर विभाग सक्रिय है। हमने आयकर अधिकारियों को निर्णायक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। सभी वार्ड अधिकारियों को डिमांड की सूची सौंप दी गई है।
योगेश कुमार शर्मा, अपर आयुक्त, प्रधान आयकर आयुक्त कार्यालय, अलीगढ़
आयकर अफसरों के तबादले
अलीगढ़। प्रधान आयकर आयुक्त कार्यालय में कुछ अफसरों के तबादले किए गए हैं। रिक्त चल रहे आयकर आयुक्त (अपील) के पद पर राजेश कुमार की तैनाती हुई है। ये दिल्ली में कार्यरत थे। मध्यप्रदेश ग्वालियर से आए मनोज कुमार भारती सहायक आयकर आयुक्त अलीगढ़ सर्किल का दायित्व संभालेंगे। वार्ड से आयकर अधिकारी एके मल्ल को आडिट आयकर अधिकारी बनाया गया है। आयकर अधिकारी मुख्यालय गजेंद्र सिंह का तबादला आगरा हो गया है। यहां वार्ड की जिम्मेदारी देख रहे मुकेश अग्रवाल यह भार संभालेंगे।